एप्रोच मार्ग के अभाव मे करोड़ों का पुल बना शोपीस

गाजीपुर- जमांनिया और करण्डा क्षेत्र को जोडने के लिए गंगा नदी पर जनवरी 2006 में करीब 37.69 करोड़ की लागत से सेतु का निर्माण कार्य शुरू हुआ और वर्तमान समय में इस सेतु की लागत बढ़कर लगभग 57 करोड़ रुपए से अधिक हो गई है। निर्माण कार्य लगभग पूरा हो गया है। सेतु ऊपरी सतह का कार्य किया जा रहा है, जो समाप्ति की ओर है। साथ ही पैरा पेट एवं रंगरोगन का कार्य भी किया जा रहा है। सेतु निगम के अधिकारियों की माने तो यह कार्य 15 दिनों में पूर्ण हो जाएगा। इसके बाद भी लोगों को सेतु से होकर गंगा पार करने के लिए अभी एक वर्ष से अधिक का समय लग सकता है क्योंकि लोक निर्माण विभाग द्वारा अभी तक सेतु के दोनों तरफ के एप्रोच मार्ग के लिए भूमि का अधिग्रहण नहीं किया गया है। भूमि अधिग्रहण के बाद टेंडर और फिर निर्माण कार्य में एक वर्ष का समय निकल जाएगा। ऐसे में विभाग की लापरवाही की वजह से आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। जेई वीर सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में पहली बार फ्लोटिंग कैसन से फाउंडेशन तैयार कर पुल का निर्माण लगभग पूर्ण हो चुका है। सेतु के ऊपरी सतह पर कार्य चल रहा है और रंगरोगन हो रहा है। इस सेतु की लंबाई लगभग 800 मीटर है और इसमें करीब 18 पीलर है, जो पूरी तरह से तैयार है। भविष्य में जल यातायात के संचालन को ध्यान में रख इसकी ऊंचाई बढ़ाई गई है। पीडब्लूडी द्वारा अभी तक सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया गया है। ऐसे में लोगों को सड़क के निर्माण तक पुल पर आवागमन के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।

Leave a Reply