क्षात्रा की मौत पर चन्दौली में भयंकर बवाल

छात्रा की मौत को लेकर जिला मुख्यालय पर गुरुवार को हुए बवाल के दूसरे दिन शुक्रवार को पुलिस महकमा शांति व्यवस्था बहाल करने में जुटा रहा। फास्ट ट्रैक कोर्ट और पालीटेक्निक कालेज के पास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान जिला मुख्यालय पर तनावपूर्ण शांति देखने को मिली। चंदौली- सकलडीहा व कैली रोड स्थित अधिकांश दुकानें बंद रहीं। मार्ग पर आवागमन करने से भी लोग परहेज करते नजर आए। वही पालीटेक्निक कालेज परिसर में भी सन्नाटा पसरा रहा। घटना को लेकर लोगों में तरह-तरह चर्चाएं होती रहीं।
जिला मुख्यालय के चंदौली-सकलडीहा मार्ग पर गुरुवार की शाम ट्रैक्टर की चपेट में आने से पालीटेक्निक की छात्रा जीनत परवीन की मौत के बाद आक्रोशित कालेज के छात्रों व उपद्रवियों ने करीब चार घंटे तक जिला मुख्यालय पर जमकर बवाल काटा था। इस दौरान सकलडीहा मार्ग और नेशनल हाईवे पर चक्काजाम करने के साथ ही ट्रैक्टर और फास्ट ट्रैक कोर्ट में आग लगा दी थी। वहीं पुलिस वाहन के शीशे भी तोड़ दिए। छात्रों के उग्र रूप के सामने पुलिस प्रशासन बौना नजर आया। छात्रों को काबू करने में पुलिस प्रशासन के पसीने छूट गए। एसपी संतोष कुमार सिंह को खुद मोर्चा संभालना पड़ा। तब जाकर करीब चार घंटे बाद छात्रों का बवाल शांत हुआ। घटना को लेकर पुलिस प्रशासन की काफी किरकिरि भी हो रही है। पुलिस की सुस्ती को बड़े बवाल का कारण माना जा रहा है। इसके बाद पुलिस डैमेज कंट्रोल में जुटी नजर आई।
गुरुवार की रात से ही न्यायालय व कालेज परिसर के बाहर एडिशनल एसपी देवेंद्रनाथ के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस व पीएसी के जवान तैनात रहे। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर भी सीओ सकलडीहा त्रिपुरारी पांडेय के नेतृत्व में पुलिस व पीएसी के जवानों को तैनात किया गया था। सुरक्षा के मद्देनजर कालेज प्रशासन ने पालीटेक्निक कालेज को अग्रिम आदेश तक बंद रखने की घोषणा कर दी है। इससे कालेज परिसर व हास्टल में सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस उपद्रवियों को चिहिंत कर कार्रवाई करने में जूटी हुई है।