गाजीपुर-कई लाख के जेवरात सहित हजारों की नकदी चोरी

324

गाजीपुर। नंदगंज थाना क्षेत्र के बड़हरा गांव के सिवान में स्थित एक मकान को मंगलवार की रात चोरों ने खंगाला। इस दौरान 20 हजार नकदी सहित साढ़े सात लाख के जेवरात और सामान ले उड़े। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन की।
मालूम हो कि बड़हरा गांव निवासी विजय कुमार ने सिवान में नया मकान का निर्माण कराया है। आसपास किसी अन्य का मकान नहीं है। रोज की तरह मंगलवार की रात भी परिवार के लोग खाना के बाद सो गए। देर रात किसी समय किसी रास्ते से चोर मकान में दाखिल हो गए। कमरा में रखी दो अटैची, 5 बक्सा उठा ले गए। तीन बजे के करीब महिलाएं जगी तो बक्सा और अटैची गायब देख उनके होश उड़ गए। वह शोर मचाने लगी। आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ ही पास-पड़ोस के लोगों की नींद भी टूट गई और वह मौके पर पहुंच गए। पीड़ित ने तत्काल 112 पुलिस को घटना की सूचना दी। इसके बाद ग्रामीण इधर-उधर चोरों की तलाश करने लगे। इसी बीच गांव से 500 मीटर की दूरी पर नहर में टूटा बक्सा और अचैटी मिला। पीड़ित ने थाना में तहरीर दिया। इसमें चार सोने की चेन, 6 अंगूठी, 4 झुमका, दो मंगलसूत्र व बक्सा में रखा 20 हजार नगद सहित कुल 7 लाख 50 हजार रूपए की चोरी होना बताया। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली। मामले की छानबीन करते हुए चोरों की तलाश शुरु कर दी गई है। जल्द ही गिरफ्तारी कर मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।

Play Store से हमारा App डाउनलोड करने के लिए नीचे क्लिक करें- Qries