गाजीपुर: प्रदेश स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में जनपद बना उप विजेता

गाजीपुर: अम्बेडकर नगर के एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रदेश स्तरीय ओपन महिला कुश्ती प्रतियोगिता में जनपद की कुश्ती खिलाड़ियों ने अपना दबदबा कायम रखा। गाजीपुर जिले की टीम ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए कुल छह कांस्य पदक जीतकर ओवर आल 90 अंकों के साथ उप विजेता रही। इस प्रतियोगिता में 190 अंक के साथ कानपुर जिला प्रथम और 85 अंक के साथ आजमगढ़ जिले को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। ज्ञात हो कि जनपद के कुश्ती खिलाड़ियों का प्रतिनिधित्व करने वाली सभी कुश्ती खिलाड़ी इशोपुर स्थित रामकरन स्पोर्ट्स एकेडमी की खिलाड़ी है। रामकरन एकेडमी के कोच रामाशीष यादव ने बताया कि एकेडमी से कुल नौ खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था। जिसमें छह खिलाड़ियों ने पदक जीतकर अपने जनपद सहित एकेडमी का नाम रौशन किया है। पदक विजेता खिलाड़ियों में 50 किलो भारवर्ग में अनिता कुमारी ने कांस्य पदक, 55 किलो में कुमारी माया ने कांस्य पदक, 59 किलो में सेजल यादव ने कांस्य पदक जीता। 62 किलोग्राम भार वर्ग में नेहा पाल ने कांस्य पदक, 68 किलो में गोल्डी यादव और 72 किलो भारवर्ग में निवास लक्ष्मी यादव कांस्य पदक जीतकर पदकों की झड़ी लगा दी। महिला कुश्ती खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से रामकरन एकेडमी पर हर्ष का माहौल बन गया। एकेडमी के निदेशक राहुल यादव ने कहा कि प्रतिभाशाली कुश्ती खिलाड़ियों ने राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर साबित कर दिया कि ग्रामीण अंचल की प्रतिभाओं को सही अवसर और प्रशिक्षण मिले तो अपनी प्रतिभा से सभी पदक तालिका में नाम दर्ज करा सकतीं है। सभी पदक विजेता महिला खिलाड़ी रामकरन स्पोर्ट्स एकेडमी की तराशी गईं नायाब हीरा है। जो आगे चलकर एकेडमी सहित देश प्रदेश का नाम रोशन करेंगी। प्रिंसिपल आत्माराम ने कहा कि प्रदेश स्तर पर इस विशेष उपलब्धि के बाद सभी खिलाड़ियों को विद्यालय आने पर भव्य तरीके से स्वागत सम्मानित किया जाएगा।