चन्दौली-सपा -भाजपा कार्यकर्ताओं के मारपीट में विधायक घायल

चंदौली- मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र के परशुरामपुर सिकठिया मतदान केंद्र से कुछ दूर पार्टियों के झंडे हटवाने को लेकर रविवार को भाजपा और सपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों में कुछ देर कहासुनी के साथ ही मारपीट हो गई। सूचना पर पहुंची स्थानीय विधायक साधना सिंह, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष राणा प्रताप सिंह को देखते ही दोनों पक्ष आवेश में आए और पथराव करने लगे। इसमें विधायक, दो सुरक्षा कर्मी समेत स्थानीय बूथ उपाध्यक्ष छोटेलाल और राहुल वर्मा घायल हो गए। पुलिस के बल प्रयोग करने पर उपद्रवी भाग खड़े हुए। पुलिस ने स्वयं संज्ञान लेते हुए तीन नामजद और छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। जानकारी मिलने पर मौके पर डीएम, एसपी पहुंच गए और सुरक्षा कर्मियों की क्लास ली। एसपी के निर्देश पर मतदान स्थनल पर पुलिस के साथ केंद्र के सौ-सौ मीटर अगल-बगल मोबाइल टीम तैनात की गई।