दो पक्षों में मारपीट, पुर्व ब्लॉक प्रमुख घायल

मरदह थाने के कोड़री गांव में सुरेश गोंड़ और रामदरश गोंड़ के बीच मकान में छज्जा निकालने का विवाद काफी दिनों से चल रहा था। इसके लिए बुधवार को गांव में पंचायत बुलाई गई थी। पंच अभी अपना निर्णय सुनाते इसके पहले ही एक पक्ष लाठी-डंडे से लैस होकर पंचायत में पहुंच गया और दूसरे पक्ष पर हमला बोल दिया। इस दौरान दोनों तरफ से जमकर मारपीट हुई और ईंट-पत्थर तक चले। बीच-बचाव करने में पूर्व ब्लाक प्रमुख हरिकेष राम (60), रौनक सिंह (25) और दमन सिंह (30) घायल हो गए। इनके साथ ही मारपीट में एक पक्ष से राजू राम, आशा देवी, सुनिता देवी, किरन देवी, संतोषी देवी, पिन्टू राम, शारदा देवी और शीतल देवी घायल हो गए। दूसरे पक्ष से उमेश, मिठ्ठू, तेजा, पारस, रामदरश, रोशन और बबिता देवी घायल हो गई। सभी घायलों का प्राथमिक उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। जबकि दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस की मानें तो मकान का छज्जा निकालने को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्षों में मारपीट हुई है। दोनों पक्षों की तहरीर पर क्रास केस दर्जकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply