प्रेम-प्रपंच मे युवक की चाकू मार कर हत्या

जौनपुर-सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के खलीलपुर करौदी गांव में शुक्रवार की रात एक युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गयी। घटना के पीछे प्रेम प्रपंच बताया जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने पिता की तहरीर पर तीन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए एक को गिरफ्तार कर लिया है।
करौदी गांव निवासी 22 वर्षीय विकास राजभर पढ़ाई छोड़कर घर पर रहता था। शुक्रवार की शाम उसने गेहूं की कटायी की और फिर रात्रि में खाना खाने के बाद सो गया। रात्रि में घर के एक सदस्य ने देखा कि विकास बिस्तर पर नहीं है। परिवार वाले खोजने के लिए निकल पड़े। खोजबीन के दौरान घर से 50 मीटर दूर आरोपी के घर की ओर विकास का शव मिला। शरीर पर चाकू से कई वार किए गए थे। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी। परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि पड़ोस में एक लड़की से विकास का लम्बे समय से प्रेम चल रहा था। छह माह से इसे लेकर दोनों परिवारों के बीच तनाव था। इसी मामले में विकास की हत्या की गई है। परिजनों ने आशंका जताई कि विकास लड़की से मिलने गया था। युवती के घर वालों उसे पकड़ लिया और उसकी हत्या कर दी। विकास के पिता अतवारु ने लड़की के पिता, चाचा और भाई के नाम तहरीर दी। और हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। बाकी को छोड़ दिया लेकिन एक आरोपी गिरफ्तार कर लिया है। दो आरोपी फरार बताया जा रहे हैं।