मरीजों और गर्भवती महिलाओं के लिए वरदान है 102 व 108 की सेवा

गाजीपुर -108 व 102 एंबुलेंस मरीजों व गर्भवती महिलाओं को केवल प्राथमिक व जिला अस्पताल ही नहीं बल्कि उससे भी बड़े चिकित्सा संस्थान तक निशुल्क पहुंचाने के लिए काम करती हैं। अगर कोई मरीज गंभीर रूप से बीमार है और उसका इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर नहीं हो पा रहा है तो उसे जिला अस्पताल ले जाया जाएगा। वहां भी उसे उचित चिकित्सा मुहैया नहीं हो पाई तो उसे वाराणसी, फिर लखनऊ और उसके बाद दिल्ली तक ले जाया जाएगा। यह सारी सेवा पूरी तरह निशुल्क होगी। इस एंबुलेंस से छह वर्ष में 6.56 लाख मरीजों को अस्पताल पहुंचाया गया है। यह कहना था जिले में संचालित 108 व 102 एंबुलेंस सेवा के रीजनल मैनेजर अभिषेक त्रिपाठी का। वह शुक्रवार को राइफल क्लब में मीडिया से मुखातिब थे।