ग़ाज़ीपुर

लखनऊ: भाजपा सरकार जानबूझकर प्रदेश में बवाल करा रही हैं – माता प्रसाद पाण्डेय

लखनऊ।नेता विरोधी दल श्री माता प्रसाद पाण्डेय ने कहा है कि भाजपा सरकार साम्प्रदायिक भावना से काम कर रही है। इस सरकार का लोकतंत्र में विश्वास नहीं है। भाजपा की सरकार पूरे उत्तर भारत में साम्प्रदायिकता फैला रही है। संभल में पुलिस की गोली से चार युवाओं की मौत हुई। पुलिस दो तरह के असलहे रखती है। फंसने से बचने के लिए निजी और बरामद असलहों से गोली चलाती है।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री राजेन्द्र चौधरी, समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री श्याम लाल पाल भी मौजूद थे।
श्री माता प्रसाद पाण्डेय ने कहा कि समाजवादी पार्टी संभल और बहराइच मामलों को विधानसभा में उठाएगी, भाजपा सरकार को बेनकाब करेगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी प्रतिनिधिमंडल आज संभल घटना की सच्चाई की जांच और पीड़ित परिवारों से शोक संवेदना प्रकट करने जा रहा था लेकिन पुलिस ने जाने की अनुमति नहीं दी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव अगले कदम का स्वयं निर्णय करेंगे। भाजपा सरकार ने अपनी नाकामी छिपाने के लिए समाजवादी पार्टी के संभल के सांसद पर फर्जी मुकदमा दर्ज किया है जबकि उस दिन सांसद संभल में नहीं थे।
नेता विरोधी दल ने कहा कि भाजपा संविधान विरोधी काम कर रही है। भाजपा सरकार संविधान नहीं मानती है। देश जानता है कि 1991 में संसद ने प्लेसेज ऑफ वर्शिप एक्ट यानी कि पूजा स्थल कानून पारित किया है। इसमें स्पेशल प्रोविजन के तहत बनाया गया। इस कानून के मुताबिक 15 अगस्त 1947 से पहले भारत में जिस भी धर्म का जो पूजा स्थल था, उसे किसी दूसरे धर्म के पूजा स्थल में नहीं बदला जा सकता है। अगर कोई ऐसा करने का प्रयास करता है तो उसे तीन साल तक की जेल और जुर्माना हो सकता है। इस कानून में यह भी प्रावधान है कि दूसरे धर्म के कब्जे का सबूत मिलने पर भी कोई कार्रवाई नहीं की जा सकती है।
श्री माता प्रसाद पाण्डेय ने कहा कि 19 नवम्बर 2024 को एक याचिका पर कोर्ट ने दूसरे पक्ष को सुने बिना संभल में जामा मस्जिद के सर्वे का आदेश दे दिया। उसके बाद भी जामा मस्जिद कमेटी और सबने मिलकर शांतिपूर्ण ढंग से सर्वे कराने में पूरा सहयोग दिया। जब एक बार सर्वे का काम पूरा हो गया तो दोबारा सर्वे की क्या जरूरत पड़ी? पूरे घटनाक्रम से साबित होता है, संभल में प्रशासन की मंशा ठीक नहीं थी, जानबूझ कर घटना करायी गयी। भाजपा सरकार नफरत की भावना से काम कर रही है।
श्री माता प्रसाद पाण्डेय ने कहा कि भाजपा सरकार जानबूझकर प्रदेश में बवाल करा रही है। भाजपा सरकार की मानसिकता साम्प्रदायिकता फैलाने और देश को अधिनायकवादी व्यवस्था में बदलने की है।
(राजेन्द्र चौधरी)
मुख्य प्रवक्ता