सेना के जवान की मौत से परिजन सहित ग्रामीण गमगीन

गाजीपुर- दिलदारनगर गांव निवासी सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर रामप्रसाद सिंह यादव के दूसरे बेटे पिंटू सिंह यादव (38) वर्ष 2001 में सेना में भर्ती हुए थे। बीते 20 अप्रैल को वह छुट्टी लेकर घर आए। बीते 27 अप्रैल को अपने ससुराल में आयोजित एक शादी समारोह में सम्मिलित होने के बाद 10 मई को जम्मू आर्मी कैंप के लिए रवाना हो गए थे।
एकाएक 18 मई को आर्मी कैंप में उनकी तबीयत खराब हो गई। इस पर सेना के जवान उन्हें इलाज के लिए आर्मी अस्पताल में भर्ती कराए। इसके बाद बीते 19 मई को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के पिता राम प्रसाद सिंह जम्मू पहुंच गए।
जम्मू से सुबह करीब 10 बजे शव लेकर दिलदारनगर गांव स्थित घर पहुंचे। जवान का शव घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृत जवान की मां धनपति देवी अपने पुत्र के शव से लिपट कर रो-रो कर बेसुध हो जा रही थी। तो पत्नी नीलम देवी अपने पति के शव से लिपट कर रोते-रोते गिर जा रही थी।
ग्रामीण किसी तरह परिजनों को ढांढस बंधाने में लगे हुए थे। परिजनों को बिलखता देख ग्रामीण भी गमगीन हो जा रहे थे। मृत जवान के एक पुत्र राहुल (नौ) और एक पुत्री गुनगुन (पांच) साल की है।

Leave a Reply