गाजीपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के कपूरपुर शहरी में रविवार की सुबह एक उचक्का महिला की सोने की चेन खींचकर फरार हो गया। पीड़िता के पुत्र ने कोतवाली में घटना की तहरीर दी।
मालूम हो कि कपूरपुर शहरी निवासी आलोक कुमार की माता किरण देवी रोज की तरह रविवार की सुबह भी दूध लेने के लिए पैदल घर से निकली थी। गली से होते हुए जैसे ही घर के पास पहुंची और दरवाजा खोला, एक उचक्का उनका सोने की चेन खींच लिया। वह शोर मचाने लगी। आवाज सुनकर परिवार के लोग बाहर निकले, लेकिन तब तक उचक्का फरार हो गया। पीड़िता ने बताया कि उचक्का लाल रंग का शर्ट पहने हुए था। मुंह पर सफेद रंग का रूमाल बांधा हुआ था। इस संबंध में रजदेपुर चौकी प्रभारी आशुतोष शुक्ला ने बताया कि मामले की तहरीर मिली है। छानबीन करते हुए उचक्कें की तलाश शुरु कर दी गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।