गाजीपुर-विश्व हिंदी दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन

448

गाजीपुर-मरदह विकास खण्ड के एमबी इंटर कॉलेज में हिंदुस्तान स्काउट गाइड के तत्वाधान में विश्व हिंदी दिवस पर एक सभा का आयोजन किया गया था कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जिला संगठन आयुक्त अरविंद कुमार यादव ने विश्व हिंदी दिवस के अवसर पर अपनी मातृभाषा हिंदी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी सिर्फ भाषा नहीं है जो सिर्फ सीखी जा सके, बल्कि यह भारतीय संस्कृति की संवाहक है। जिसके जरिए आप करीब पांच हजार साल पुरानी संस्कृति से जुड़ सकते हैं। यही कारण है कि भारत के साथ दूसरे देशों में भी हिंदी का प्रचार-प्रसार बढ़ा है। हिंदी विदेशियों के दिलों में जगह बनाने में कामयाब हुई है। वैश्विक स्तर पर कई विश्वविद्यालयों में हिंदी सिखाई जा रही है और लोग भारत की संस्कृति से जुड़ाव महसूस कर रहे हैं। विश्व हिंदी दिवस का उद्देश्य हिंदी को वैश्विक स्तर पर और आगे बढ़ाना है। इसी क्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य अहमद नदीम रजी ने बताया कि पहला विश्व हिंदी सम्मेलन का आयोजन 10 जनवरी 1976 को नागपुर में किया गया था। इसमें 30 देशों के 122 प्रतिनिधियों ने शिरकत की थी। इसीलिए इस तारीख को चुना गया। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह ने 2006 से 10 जनवरी को विश्व हिंदी दिवस मनाने की घोषणा की थी। तब से लगातार विश्व हिंदी दिवस मनाया जा रहा है। दुनिया में सर्वाधिक बोली जाने वाली पांच भाषाओं में हिंदी शुमार है। चीन की मंडारिन भाषा पहले पायदान पर है, जबकि दूसरे स्थान पर स्पेनिश और तीसरे पर अंग्रेजी है। इसके बाद हिंदी का स्थान आता है। इसके साथ ही विश्व आर्थिक मंच ने भी माना था कि विश्व की दस शक्तिशाली भाषाओं में हिंदी का स्थान है। करीब 60 करोड़ लोग हिंदी बोलते हैं, इनमें से 26 करोड़ लोगों की यह मातृभाषा है। अहमद रजी नें एक आंकडे़ के मुताबिक बताया कि
भारत के साथ ही नेपाल, अमेरिका, मॉरिशस, फिजी, द.अफ्रीका, सूरीनाम, युगांडा सहित दुनिया के कई देश ऐसे हैं जहां पर हिंदी बोली जाती है। नेपाल में करीब 80 लाख हिंदी बोलने वाले रहते हैं। वहीं अमेरिका में हिंदी बोलने वालों की संख्या करीब साढ़े छह लाख है। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी हिंदी भाषण तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम के जरिए अपनी मातृभाषा हिंदी के प्रचार प्रसार करने के लिए लोगों से अपील की।इस मौके पर शिवजन्म कुशवाहा,अजीत कुमार यादव,मोहम्मद आलम,नागेंद्र प्रसाद,सुरसती यादव आदि अध्यापक उपस्थित रहे।

Play Store से हमारा App डाउनलोड करने के लिए नीचे क्लिक करें- Qries