मैनपुरी: पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकी हमला सुरक्षा में चूक और इंटेलिजेंस फेल्योर है- अखिलेश

मैनपुरी दिनांकः25.04.2025: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को मैनपुरी के खिरिया में स्व0 श्रीपाल यादव की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए श्री अखिलेश यादव ने कहा कि श्रीपाल यादव जी पार्टी के समर्पित नेता थे। उन्होंने जीवन भर पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों, सिद्धातों को आम जनता तक पहुंचाने का काम किया। उन्होंने स्व0 श्रीपाल यादव की प्रतिमा का अनावरण के लिए उनके परिजनों और पार्टी के नेताओं को बधाई दी।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों और नौजवानों को धोखा दिया है। किसानों को उनकी फसलों का सही मूल्य नहीं मिल रहा है। सरकारी गेंहू खरीद केन्द्रो पर गेंहू की खरीद नहीं हो रही है। भाजपा सरकार के लोग बड़े उद्योगपतियों और कारोबारियों से मिले हुए है। सरकार की उद्योगपतियों और आढ़तियों से मिली भगत है इसीलिए बड़े कारोबारियों के सहारे आढ़तियों के माध्यम से गेंहू खरीद हो रही है। सरकार ने आढ़तियों पर दबाव बनाया है कि गेंहू ज्यादा महंगा न खरीदे। इसीलिए किसानों को गेंहू की सही कीमत नहीं मिल रही है। भाजपा सरकार को किसानों की नहीं, उद्योगपतियों की चिंता है। भाजपा चाहती है कि उद्योगपतियों का मुनाफा हो। उद्योगपति सस्ता गेहूं खरीदकर आटा का पैकेट बनाकर महंगे दाम पर बेचनेऔर मुनाफा कमाएंगे।
श्री अखिलेश यादव ने सेना की तारीफ करते हुए कहा कि हमारी फौज बहुत बहादुर है। दुनिया में किसी देश के पास इतनी बहादुर सेना नहीं है। हमारी सेना के जवान कठिन परिस्थितियों में सीमा की सुरक्षा कर रहे हैं। एक तरफ बॉर्डर पर वे 50 डिग्री तापमान में सीमा की सुरक्षा करते हैं वहीं दूसरे बार्डर पर माइनस पचास डिग्री तापमान में भी सुरक्षा करते हैं। लेकिन आज चर्चा हो रही है कि सेना में एक लाख से ज्यादा जवानों की कमी है। सेना में जवानों की भर्ती नहीं हो रही है। सरकार बजट बचाना चाहती है। इसी तरह भाजपा सरकार सेना में अग्निवीर व्यवस्था लेकर आयी है। सरकार बजट बचाने के लिए सेना में अग्निवीर योजना लेकर आयी है। देश का नौजवान पक्की वर्दी और पक्की नौकरी चाहता है।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि नेताजी जब देश के रक्षा मंत्री थे तो उन्होंने फैसला लिया कि जवान के शहीद होने पर उसके पार्थिव शरीर को सम्मान के साथ उसके घर पहुंचाया जायेगा, तब भी बजट की बात आयी थी, लेकिन नेताजी ने कहा था कि चाहे जितना भी बजट खर्च हो जाये लेकिन अगर गरीब, किसान परिवार का बेटा सीमा पर शहीद होगा तो पूरे सम्मान के साथ उसके घर परिवार तक पहुंचाएंगे।
प्रतिमा अनावरण के बाद श्री अखिलेश यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकी हमला सुरक्षा में चूक और इंटेलिजेंस फेल्योर है। लोगों से बातचीत और विभिन्न स्रोतों से जानकारियां मिल रही है कि इस घटना के मामले में इंटेलिजेंस फेल हुआ है। इसके साथ ही हमले के बाद समय रहते घायलों को जो मेडिकल सुविधा और मदद मिलनी चाहिए थी वह नहीं मिली। जो कार्रवाई होनी चाहिए थी, वह भी नहीं हो पायी।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि जब भाजपा के लोग जनता को कश्मीर जाने और घूमने के लिए प्रेरित कर रहे थे, तो सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक कैसे हो गयी? सबसे बड़ा सवाल है कि घटना कैसे हुई? सरकार को इसकी जानकारी क्यों नही हो पायी? पीड़ित परिवार के लोग रो-कर बता रहे है कि उन्हें समय रहते सुरक्षा और मदद नहीं मिली।
श्री यादव ने कहा कि पहलगाम में हुई घटना बहुत दुःखद है। इसकी जितनी निन्दा की जाय कम है। सरकार ठोस कदम उठाये, जिससे इस तरह की घटना कभी दोबारा न हो। समाजवादी पार्टी ने सर्वदलीय बैठक में अपना पक्ष रखा है सरकार को सुझाव दिया है। हम चाहते है देश के दुश्मनों के खिलाफ कड़ी से कड़ी और ठोस कार्रवाई हो, उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार और प्रधानमंत्री जी ने आश्वासन दिया है कि वह आतंक और आतंकवादियों के खिलाफ ठोस और कड़ी कार्रवाई करेंगे। लेकिन भाजपा इस दुःखद घटना पर राजनीति कर रही है। जो पर्यटक शहीद हुए हैं। उनके परिजन बता रहे है कि सुरक्षा के इंतजाम नहीं थे। लोग भाजपा सरकार से नाराज है।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि यह देश का सवाल है। समाजवादी पार्टी समेत सभी विपक्षी दल, पूरा देश केन्द्र सरकार के साथ खड़ा है। केन्द्र सरकार ऐसी घटना के खिलाफ कड़ा से कड़ा कदम उठाये। इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं मैनपुरी के जिलाध्यक्ष श्री आलोक शाक्य, पूर्व विधायक श्री राजकुमार यादव राजू समेत अन्य नेता, कार्यकर्ता मौजूद रहे।
(राजेन्द्र चौधरी)
मुख्य प्रवक्ता