लखनऊ: भाजपा सरकार नदियों के सफाई का सिर्फ दिखावा करती है- अखिलेश यादव

लखनऊ,01जून 2025:समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि समाजवादी पार्टी के बनाए लखनऊ के गोमती रिवरफ्रंट में आम जनता के स्वस्थ मनोरंजन के लिए जेट स्कीइंग का आनंद तब और बढ़ जाएगा, जब भाजपा सरकार की लापरवाही और उपेक्षा के कारण प्रदूषित हुई गोमती नदी अपने बदरंग और अपनी दुर्गंध को लेकर पर्यटकों के आनंद में बाधा नहीं बनेगी। भाजपा सरकार को कोई समझाए कि शुद्धीकरण से ही सौंदर्यीकरण की शुरुआत होती है।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि सच्चाई तो ये है कि परिवार वालों का सुख भाजपाइयों से देखा नहीं जाता है। इसीलिए समाजवादी पार्टी ने जब आम परिवारों के जीवन में नदी किनारे के आनंद को भरने का प्रयास किया तो जांच के नाम पर भाजपाइयों ने गोमती रिवरफ्रंट का विकास ही रोक दिया। जब विद्वेषपूर्ण जांच में भी कुछ हाथ नहीं लगा तो भाजपाइयों ने जांच-पर-जांच का खेल शुरू करवा दिया। इससे अच्छा तो भाजपा सरकार अपने शासनकाल में चोरी हुए उन विदेशी फ़ाउंटेन की जांच करवा ले, जिनके बारे में ये पता ही नहीं चला कि वो नदी में समा गये या आसमान निगल गया। समाजवादी सरकार द्वारा इस फाउंटेन को गोमती रिवरफ्रंट पर लगाने के लिए विदेष से मंगाया था इसके लगने से पर्यटकों के आनन्द में वृद्धि होती।
अगर उत्तर प्रदेश भाजपा सरकार ने सही से समाजवादी सरकार में हुए विकास कार्य को आगे बढ़ाया होता तो विदेशी मेहमानों का झूला साबरमती के किनारे नहीं, यहीं गोमती के किनारे लगा होता क्योंकि गोमती रिवरफ्रंट का तो कोई मुकाबला ही नहीं है।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि आशा है इस आग्रह परक टिप्पणी को पढ़कर लखनऊ वाले घोषित करेंगे कि गोमती रिवरफ्रंट ही देश का सर्वश्रेष्ठ रिवरफ्रंट है, जो चाहे आकर देख ले। चलते-चलते ये एक आग्रह और है कि किसी ‘मुख्यनगर में कोई मुख्यताल’ भी है, लगे हाथों और समय रहते उसकी भी जांच करवा लें क्योंकि 2027 में तो उसकी जांच होना तय है।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में हर काम में भ्रष्टाचार हुआ है। भाजपा सरकार नदियों की सफाई का सिर्फ दिखावा करती है। गंगा नदी की सफाई के लिए भाजपा सिर्फ गुमराह करती हैं। सफाई के नाम पर हजारों करोड़ों रुपए का बंदर बांट हो गया लेकिन गंगा नदी की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। भाजपा सरकार ने नदियों की पवित्रता को नश्ट करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। भाजपा को इसका परिणाम भुगतना होगा।
(राजेन्द्र चौधरी)
मुख्य प्रवक्ता