गाजीपुर-जमानियां कोतवाली क्षेत्र के कसेरा पोखरा गांव में शुक्रवार की दोपहर ऑटो की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई जबकि दूसरी घायल हो गई। पुलिस ने मृत महिला के शव के साथ ही आटो सहित चालक को कब्जे में ले लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार कशेरा पोखरा निवासी गंगाजलि देवी आयु 45 वर्ष तथा प्रभावती देवी आयु 65 वर्ष गांव स्थित डेरा से वापस अपने घर लौट रही थी, इसी दौरान दोपहर करीब 1:30 बजे सड़क पार करते समय जमानियां से उमरगंज नरियांव की तरफ जा रहे आटो ने टक्कर मार दिया। जिससे दोनों महिलाएं घायल हो गई। दुर्घटना के बाद लोगों ने पुलिस को दुर्घटना की सूचना दिया। पुलिस ने दोनों घायल महिलाओं को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जमानियां पर ले गयी,जहां स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी रुद्रकांत सिंह ने गंगाजली देवी को मृत घोषित कर दिया ।जबकि प्रभावती का उपचार जमानियां में चल रहा है।गंगाजली की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पुत्र गौरव कुमार, प्रदीप कुमार सहित परिवार के अन्य लोग रोने धोने लगे, आसपास के लोगों ने उन्हें सांत्वना दिया। इस संबंध में जमानियां कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि शव व चालक सहित आटो को कब्जे में लेकर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।
Copyright © GhazipurToday.com All rights reserved. || Developed & Maintained By Qtriangle Infotech