लखनऊ:हम लोगों चाहते हैं आतंकवाद पूरी तरह से खत्म हो जाये- अखिलेश यादव

लखनऊ दिनांकः24.04.2025: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में पर्यटकों के साथ हुई आतंकी घटना बहुत दुःखद है। समाजवादी पार्टी ऐसी घटना की निंदा करती है। हमारी मांग है कि सरकार आतंकवादियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करे। केन्द्र सरकार ने अभी जो फैसले लिए हैं उससे भी कठोर फैसले लेने चाहिए। समाजवादी पार्टी आतंक की घटनाओं के खिलाफ कठोर से कठोर फैसलो के समर्थन में है और जो फैसले लिए जा रहे हैं उन्हें कठोरता से लागू करना चाहिए।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि इस घटना को लेकर पूरे देश में गुस्सा है। आतंकवादियों का मुख्य मकसद डर पैदा करना। नुकसान करना, प्रदेश और देश के कारोबार को रोकना और लोगों को परेशानी पहुंचाना है। आतंकवादी किसी धर्म के नहीं है। आतंकवादियों का कोई धर्म नहीं होता है।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में श्री अखिलेश यादव ने कहा कि नई दिल्ली में आयोजित सर्वदलीय बैठक में समाजवादी पार्टी की ओर से पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रो0 रामगोपाल यादव शामिल होंगे। समाजवादी पार्टी सर्वदलीय बैठक में अपने सुझाव देगी। एक सवाल के जवाब में श्री यादव ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल को ऐसी घटना से राजनीतिक लाभ नहीं लेना चाहिए। यह देश का मामला है। पूरे देश के लोग मिलकर, साथ रहकर दुनिया के बराबर चलना चाहते हैं।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि केन्द्र सरकार सोशल मीडिया पर पार्टी नेताओं को टारगेट कर एनिमेशन के जरिए तस्वीरों के साथ जो गलत बातें की जा रही है और समाज में जहर घोला जा रहा है, उसे रोके। यह केन्द्र सरकार की जिम्मेदारी है। साथ ही सरकार आंतरिक और बार्डर सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने और सोशल मीडिया के जरिए आ रही फेक न्यूज को भी रोके, जिससे गलत खबरें नेटवर्क के जरिए लोगों के बीच न आये। गलत जानकारियां सोशल मीडिया के जरिए प्रसारित नहीं होनी चाहिए।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि देश के युवा अग्निवीर योजना के पक्ष में नहीं है। युवा पक्की नौकरी और पक्की वर्दी चाहता है। देश की सुरक्षा के लिए चाहे जितना बजट खर्च हो, सरकार को खर्च करना चाहिए।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा नेता सोशल मीडिया पर बड़े पैमाने पर पैसा खर्च करके नफरत फैलाने वाली खबरें चलवाते हैं, विपक्षी नेताओं की छवि खराब करते है। अगर ये पैसा देश की सुरक्षा पर खर्च होता तो पहलगाम जैसी घटना नहीं होती।
श्री यादव ने कहा कि हम लोग चाहते हैं कि आतंकवाद पूरी तरह से खत्म हो जाए। भाजपा सरकार ने जम्मू कश्मीर में सब कुछ अपनी मर्जी से किया। नोटबंदी किया। धारा 370 खत्म किया गया। सारी नियुक्तियां अपने मनमुताबिक की। उसके बाद भी आतंकवादी घटना हो रही है, इतनी बड़ी संख्या में पर्यटक शहीद हो गये। इससे दुःखद घटना कोई नहीं हो सकती है। घटना में जो लोग खो गये। अब वे दोबारा अपने परिवार के पास नहीं लौटेंगे। भाजपा के पास इसका जवाब नहीं है।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि आंतरिक सुरक्षा और बार्डर सुरक्षा पर पूरा देश एक है। जिम्मेदारी केन्द्र सरकार की है। सरकार ने पूर्व की घटनाओं से सबक क्यों नहीं सीखा। पहले भी सुरक्षा चूक और इंटेलीजेंस फेल्योर हुआ है। बड़ी-बड़ी घटनाएं हुई, लेकिन सरकार ने सबक क्यों नहीं लिया।
(राजेन्द्र चौधरी)
मुख्य प्रवक्ता