गाजीपुर: पुरानी रंजिश में मारा गोली, घायल ट्रामा सेंटर रेफर

गाजीपुर,30 जून 25: खानपुर थाना क्षेत्र के कुढालंबी गांव निवासी भाजपा के बुथ अध्यक्ष त्रिवेणी सिंह आयु 60 वर्ष और उनके चचेरे भतीजे विश्वजीत सिंह उर्फ राजन सिंह आयु 32 वर्ष सोमवार की प्रातः 10:00 बजे घर से लगभग 400 मीटर दूर मुख्य मार्ग पर स्थित एक सैलून पर दाढ़ी और बाल बनवाने गए थे। वहीं पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार एक ज्ञात और दो अज्ञात बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में त्रिवेणी सिंह के दाहिने हाथ में एक गोली लगी जबकि उनके भतीजे राजन के पीठ पर एक और बाएं हाथ में दो गोली लगी। इस घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही खानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से तीन खोखा कारतूस बरामद किया। पुलिस ने दोनों घायलों को ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर उपचार हेतु लाई। राजन सिंह की हालत को गंभीर देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर के चिकित्सकों ने उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन त्रिवेणी सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खानपुर ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी ज्ञानेंद्र प्रसाद, क्षेत्राधिकार सैदपुर अनिल कुमार मौके पर पहुंचे। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र प्रसाद ने बताया कि ग्रामीणों के अनुसार त्रिवेणी सिंह भाजपा की राजनीति करते हैं और खेती बाड़ी के काम में लगे रहते हैं।उनके भतीजे विश्वजीत उर्फ राजन सिंह नोएडा में प्राइवेट नौकरी करते हैं। वह 10 दिन की छुट्टी पर घर आए थे और कुछ दिन बाद ही वापस अपने काम पर लौटने वाले थे। गोली लगने से घायल त्रिवेणी सिंह की पत्नी रीता देवी और घायल राजन सिंह की मां उषा ने बताया कि 7 जून 2014 को क्रिकेट मैच के दौरान एक विवाद हुआ था। इस विवाद में पूर्व ग्राम प्रधान मुन्ना यादव का भतीजा मनीष यादव घायल हो गया था। पूर्व प्रधान की तहरीर पर खानपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। घटना में घायल मनीष यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इसी पुरानी रंजिश को लेकर पूर्व प्रधान व उनके परिजनों के द्वारा हमला कराया गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस एक नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना में लगी हुई है।