ग़ाज़ीपुर

पुलिस भर्ती परीक्षा देने जा रहे पिता- पुत्री की दुर्घटना में मौत, बाइक चालक ट्रामा सेंटर रेफर

वाराणसी, 0 9 जून 2026 – फूलपुर थाना क्षेत्र से सोमवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। बाबतपुर-जौनपुर बाईपास मार्ग पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार पिता और बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। बेटी उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती होने का सपना लेकर परीक्षा देने जा रही थी। हादसे में बाइक चला रहा पड़ोसी युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।मिली जानकारी के अनुसार रामनगर के रहने वाले पृथ्वीनाथ सोनकर उम्र 64 वर्ष अपनी 20 वर्षीय बेटी अंचल सोनकर को यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए बाइक से जौनपुर जा रहे थे। बाइक उनका पड़ोसी दिनेश सोनकर उम्र 24 वर्ष चला रहा था।सोमवार सुबह जैसे ही उनकी बाइक फूलपुर थाना क्षेत्र के बेलवा और नागपुर के बीच बाबतपुर-जौनपुर बाईपास पर पहुंची, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे।स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसे के बाद तीनों लहूलुहान हालत में सड़क पर तड़प रहे थे। ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और फूलपुर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने पृथ्वीनाथ सोनकर और बेटी अंचल को मृत घोषित कर दिया।गंभीर रूप से घायल दिनेश सोनकर को पहले पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। दिनेश की स्थिति अभी भी चिंताजनक बताई जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही रामनगर स्थित घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अंचल पुलिस में भर्ती होकर परिवार का नाम रोशन करना चाहती थी। पिता अपनी लाडली का सपना पूरा कराने के लिए उसे सेंटर तक छोड़ने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही दोनों की मौत हो गई।फूलपुर पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि स्थानीय लोगों से सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की गई। हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है। बाईपास मार्ग पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।