चालक साथी की जान बचाने पंहुचे ड्राइवर महासंगठन के सदस्य मेडिकल कॉलेज

गाजीपुर, 09 जून 2026 – मानवता और सामाजिक एकता की मिसाल पेश करते हुए उत्तर प्रदेश ड्राइवर महासंगठन के सदस्यों ने अपने एक गंभीर रूप से बीमार साथी चालक की मदद के लिए रक्तदान किया। संगठन के पदाधिकारी और सदस्य मंगलवार को गाजीपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचे और रक्तदान कर साथी की जान बचाने का प्रयास किया। जितेंद्र चौरसिया को थी तत्काल जरूरत: जानकारी के अनुसार भांवरकोल निवासी चालक सदस्य जितेंद्र चौरसिया की तबीयत गंभीर होने के कारण उन्हें तत्काल रक्त की आवश्यकता थी। सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश ड्राइवर महासंगठन के पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में मेडिकल कॉलेज पहुंच गए और रक्तदान कर सहयोग किया। महिलाओं ने निभाया जिम्मेदारी: संगठन के उपाध्यक्ष अशोक राजभर ने बताया कि संगठन का उद्देश्य केवल चालक हितों की रक्षा करना ही नहीं, बल्कि हर परिस्थिति में अपने साथियों के साथ खड़ा रहना भी है। उन्होंने कहा कि जितेंद्र चौरसिया को रक्त की जरूरत की जानकारी मिलते ही सदस्य एकत्र हुए। इस दौरान उनके साथी धर्मेंद्र यादव की पुत्रियां आकांक्षा एवं आंचल तथा उनकी पत्नी कुसुम देवी भी रक्तदान के लिए आगे आईं, जो समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।अशोक राजभर ने कहा कि भविष्य में भी संगठन का कोई सदस्य किसी प्रकार की परेशानी में होगा तो महासंगठन के सभी सदस्य 24 घंटे उसकी सहायता के लिए तत्पर रहेंगे। सकारात्मक संदेश दिया- जिला सचिव:जिला सचिव कैलाश यादव ने कहा कि आकांक्षा, आंचल और कुसुम देवी ने रक्तदान कर समाज को सकारात्मक संदेश दिया है। उन्होंने सभी चालक साथियों से संगठन के प्रति सहयोग और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी की अपील की। कैलाश यादव ने कहा कि संगठन अपने प्रत्येक सारथी भाई के सुख-दुख में सहभागी है और आवश्यकता पड़ने पर हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगा। ये सदस्य रहे मौजूद: इस अवसर पर जिला अध्यक्ष विनोद यादव, उपाध्यक्ष अशोक राजभर, कोषाध्यक्ष संजय सिंह कुशवाहा, सचिव कैलाश यादव, उप सचिव एजाज खान, धर्मेंद्र यादव, नीरज कुमार, लाल यादव, प्रदीप यादव, अब्दुल, अल्केश यादव, मनीष कुमार, आकांक्षा यादव, आंचल यादव एवं कुसुम यादव सहित संगठन के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। रिपोर्ट: प्रदीप शर्मा








