ग़ाज़ीपुर

ग्रामीणों ने खोला समस्याओं का पीटारा, डीएम बोले लापरवाही पर होगी कार्रवाई

गाजीपुर, 09 जून 2026 – केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 05 जून से 21 जून 2026 तक चल रहे जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के तहत सोमवार को विकास खंड कासिमाबाद की ग्राम पंचायत सिधउत में जन चौपाल का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता और मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की मौजूदगी में “सरकार आपके द्वार” स्वरूप में जन-समस्या समाधान शिविर लगाया गया। डीएम -सीडीओ ने किया शुभारंभ:कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने सामूहिक रूप से फीता काटकर किया। जन चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। इसका उद्देश्य शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना और ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निस्तारण करना था।इन समस्याओं पर हुई सुनवाई:जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। लोगों ने विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, सड़क मरम्मत, राशन वितरण, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना, राजस्व कार्य, पेंशन तथा स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं। डीएम ने दिया सख्त निर्देश:जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कैंप के माध्यम से जन समस्याओं का 100 प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण करें। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पर कठोर कार्रवाई होगी। भूमि विवाद की समस्याओं को रजिस्टर में नोट करने को कहा। वृद्धा पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, बाल सेवा योजना, श्रम पंजीयन, पीएम किसान, फार्मर रजिस्ट्री, शौचालय, आवास, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, कन्या सुमंगला जैसी योजनाओं का अभियान चलाकर हर पात्र को लाभ देने के निर्देश दिए। नए पंचायत भवन, बारात घर और अंत्येष्टि स्थल के निर्माण में आ रही कठिनाइयों का तत्काल निस्तारण करने को कहा। अन्नपूर्णा भवन का उद्घाटन, रोजगार सेवक पर कार्रवाई:चौपाल के दौरान जिलाधिकारी और सीडीओ ने ग्राम पंचायत सिधउत में बने अन्नपूर्णा भवन का फीता काटकर शुभारंभ किया। रोजगार सेवक के चौपाल में अनुपस्थित रहने और कार्य में लापरवाही पर डीएम ने उसका वेतन रोकने का निर्देश दिया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन भी किया। पारदर्शी तरीके से दें योजनाओं का लाभ: जिलाधिकारी: जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र को सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता और सुगमता से मिलना चाहिए। अधिकारियों को गांव स्तर पर नियमित भ्रमण कर समस्याओं का समाधान और विकास कार्यों की निगरानी करने को कहा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे योजनाओं की जानकारी लेकर लाभ उठाएं और गांव के विकास में सहयोग करें।इस अवसर पर उप जिलाधिकारी कासिमाबाद, क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद, परियोजना निदेशक महेंद्र प्रताप यादव, जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज, जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश चंद उपाध्याय, डीसी मनरेगा विजय कुमार यादव, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, जनपद स्तरीय अधिकारी, ग्राम प्रधान, शिक्षक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।