अपने ही ग्राम प्रधान को ग्रामीणों नें बनाया बंधक, पुलिस ने छुडाया

गाजीपुर – दुल्हपुर थानाक्षेत्र के दमोदरपुर गांव का मौजा भगीरथपुर है। तीन दिनों पूर्व दमोदरपुर गांव में स्वच्छता अभियान का सर्वे करने प्रदेश स्तरीय टीम आई थी। दमोदरपुर गांव का सर्वे करने के बाद टीम लौट गई। भगीरथपुर के ग्रामीणों को लगा कि प्रधान केवल अपने ही मौजा का विकास करा रहे हैं। इसे लेकर शनिवार की रात एक ग्रामीण ने फोन कर प्रधान को बुलाया। प्रधान ने सुबह आने की बात कही। सुबह जब प्रधान भगीरथपुर पहुंचे तो पंचायत भवन पर लगभग सौ की संख्या में ग्रामीणों ने बंधक बना लिया। सूचना पर पहुंची दुल्लहपुर पुलिस ने ग्राम प्रधान को मुक्त कराया। प्रधान छोटे लाल राम ने इस मामले में 10 लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। इधर, ग्राम प्रधान छोटेलाल राम ने बताया कि तीन दिन पहले गांव में स्वच्छता का सर्वे के लिए टीम आई थी। ग्रामीणों का आरोप बेबुनियाद है। पूरी ग्राम पंचायत का विकास कराया जाएगा।