करो तो करने नहीं देते और न करो तो कहते हैं कुछ नहीं करता

गाजीपुर- जमानियाँ विकास खण्ड के ग्राम महली के ग्रामीणों को जलजमाव से छुटकारा दिलाने के लिये ग्राम प्रधान के प्रयास को गांव के ही कुछ लोगों ने बंद करा दिया। जिसके बाद से गांव में कमर भर पानी लग रहा है। पिछले माह महली ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान उमेश सिंह यादव ने महली गांव के गुप्ता गली में हो रही जल जमाव से छुटकारा दिलाने के लिए नाली का निर्माण कार्य जैसे ही शुरू किया गांव के कुछ लोगो ने उसे रोकवा दिया। जिसके चलते पानी निकास की गम्भीर समस्या बनी हुई है। गुप्ता बस्ती के गली में कमर तक पानी भर हुआ है। लोगों को गली में भरे गंदे पानी से होकर गुजरना पड रहा है। वही बारिस का गंदा पानी घरे में घुस गया है। गांव के उदय गुप्ता‚ सिंहासन गुप्ता‚ मोहन गुप्ता‚ मुन्ना गुप्ता‚ सुनील शर्मा‚ मुन्ना साह‚ भगवान साह‚ मुनमुन साह आदि का कहना है कि बरसात के पानी के साथ घरों से निकलने वाला गन्दा पानी गली में रुका हुआ है और जल जमाव के चलते कच्चे मकानो के गिरने का डर सताने लगा है। ग्राम प्रधान ने पानी निकास के लिये नाली बनाने का प्रयास किया लेकिन गांव के ही कुछ लोगों ने कार्य रूकवा दिया। इस संबंध में ग्राम प्रधान उमेश सिंह यादव ने कहा कि पानी निकास के लिये कार्य कराया जा रहा था , लेकिन गांव के ही कुछ लोगों ने रोकवा दिया। ये लोग गांव में विकास कार्य देखना ही नही चाहते हैं। कहा कि गांव में पानी निकास की गम्भीर समस्या है। इस संबंध में जमानियाँ उपजिलाधिकारी से मिलकर समस्याओं से अवगत कराया गया है। इस सम्बन्ध में उपजिलाधिकारी विनय कुमार गुप्ता ने कहा कि महली गांव में पानी निकास की ठोस व्यवस्था के लिये विभागीय स्तर पर जल्द कार्रवाई की जायेगी।