गाजीपुर-अज्ञात महिला का शव मिला

गाजीपुर। नंदगंज थाना क्षेत्र के सिहोरी ग्रामसभा के ताल के पास नंदगंज-शादियाबाद मार्ग पर ब्रह्म बाबा स्थान के पास शनिवार की सुबह एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला के गले में दुपट्टा बंधा हुआ था। इससे लोग हत्या की आशंका व्यक्त कर रहे थे। शव को कब्जे में लेकर पुलिस छानबीन करते हुए महिला के शिनाख्त में जुट गई।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के सिहोरी ग्रामसभा के ताल पास सुबह टहलने निकले कुछ युवकों ने नंदगंज-शादियाबाद मार्ग पर ब्रह्म बाबा स्थान के पास औंधे मुंह पड़े एक करीब 40 वर्षीय महिला का शव देखा। यह खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई और कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोग महिला की पहचान करने में जुट गए। महिला के गला में दुपट्टा बंधा हुआ था। इससे लोग हत्या की आशंका व्यक्त कर रहे थे। बाद में लोगों ने करीब साढ़े सात बजे इसकी जानकारी पुलिस को दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि महिला शादी शुदा है। मांग में सिंदूर, हाथ में चूड़ी, पैर में पायल तथा काले रंग का समीज-सलवार पहनी थी। महिला के गले में दुपट्टा कंसा हुआ था, इससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि गला दबाकर उसकी हत्या की गई है। गले पर गहरा निशान मौजूद हैं। बताया कि शव का पंचनामा कर जांच-पड़ताल की जा रही है। साथ ही शव की पहचान के लिए शव का फोटो सोशल मीडिया पर डाल दिया गया है ताकि जल्द जल्द से शव की पहचान हो सके।