गाजीपुर-जंगीपुर थाना क्षेत्र के अरशदपुर के पास फोरलेन पर रविवार की दोपहर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक को उपचार के लिए वाराणसी ले जाया गया। सूचना मिलते ही मृतक के घर कोहराम मच गया।
मालूम हो कि कासिमाबाद थाना क्षेत्र के महादेवा रामगढ़ निवासी उदयनारायण यादव आयु 30 वर्ष तेजबहादुर यादव आयु 25 वर्ष के साथ बाइक से किसी कार्यवश मऊ जा रहा था। इसी दौरान दोपहर में जंगीपुर थाना क्षेत्र के अरशदपुर के पास फोरलेन पर किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दुघर्टना के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। लोगों ने दुर्घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल लाई। जिला में मौजूद नगर के कचहरी निवासी समाजसेवी विरेंद्र सिंह भी घायलों का उपचार कराने में जुट गए। उन्होंने घायल की जेब से मिले आधार कार्ड से दुर्घटना की जानकारी परिवार के लोगों को दी। उपचार के दौरान उदयनारायण यादव की मौत हो गई। परिवार के लोग भी जिला अस्पताल पहुंच गए और चीख-पुकार करने लगे। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने घायल तेजबहादुर यादव को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
Copyright © 2020 GhazipurToday.com All rights reserved.