गाजीपुर- दो किशोर कर्मनाशा में नहाते वक्त डूबे

गाजीपुर-दिलदारनगर थाने के फरीदपुर निवासी रतन प्रजापति का पुत्र रितेश प्रजापति आयु 13 वर्ष अपने बुआ मुन्नी देवी के बेटे अमन कुमार प्रजापति आयु 16 वर्ष के साथ बिहार प्रांत के नुआव थाना अंतर्गत बढ़ारी गांव में चार दिन पहले गया था। मंगलवार की दोपहर रितेश और अमन अपने मौसेरे भाई अरुण प्रजापति के साथ धनाढ़ी कर्मनाशा नदी में पानी कम होने पर पैदल ही नदी पार करने के लिए घर से निकले थे। नदी में पानी कम होने पर अमन और रितेश नदी में नहाने लगे। जबकि अरुण दूर खड़ा इनको देख रहा था। नहाते -नहाते यह दोनों गहरे पानी मे चले गए और डूबने लगे। उनको डूबते देख अरुण ने शोर मचाना शुरू किया। शोर सुनकर आस-पास मौजूद लोग आए और उनकी खोज बिन शुरू की, लेकिन तबतक दोनों डूब गए थे। इसके बाद घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना पर मौके पर पहुंची बिहार पुलिस ने गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू की। काफी देर बाद दोनों युवकों का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव को फरीदपुर लाया गया और शव आते ही परिवार में कोहराम मच गया। रितेश की मां तारा देवी और अमन की मां मुन्नी देवी का रो-रो के बुरा हाल था। एक ही परिवार के दो युवकों की एक साथ हुई मौत से पूरे गांव में मातम छा गया है। मृतक के पिता दिलदारनगर में एक किराने की दुकान चलाते हैं। ग्राम प्रधान रामप्यारे राम सहित अन्य ग्रामीणों की मौजूदगी में दोनों युवकों का दाह संस्कार किया गया।

Leave a Reply