गाजीपुर। नंदगंज थाना क्षेत्र के रजादी गांव के नहर के पास सोमवार की सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों का भीड़ लग गई। मृतक के शरीर पर चोट के गंभीर निशान थे। शव के पास ईंट और लाठी पड़ा था, जिसमें खून लगा था। इससे लोग हत्या की आशंका व्यक्त करने लगे। मृतक की पहचान न होने पर लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर मृतक फोटो फेसबुक और वाट्सएप पर पोस्ट की गई। परिवार के लोग थाना पहुंचे और मृतक की पहचान सदर कोतवाली क्षेत्र के मनुआवापुर गांव निवासी स्व. सुदर्शन बनवासी के पुत्र चंद्रदेव बनवासी (40) के रूप में किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। एसओ ने बताया कि ग्राम प्रधान रामकिशुन बिंद की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर मामले की छानबीन शुरु कर दी गई है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
