गुंम हुई बालिका ,अपहरण की आशंका

गाजीपुर-नगर कोतवाली क्षेत्र के बड़ीबाग चुंगी और अंधऊ बाइपास मोड़ के बीच से शुक्रवार की रात सात वर्षीय बालिका गायब हो गयी। परिजन बालिका के अपहरण हो जाने की आशंका पर कोतवाली में तहरीर दिये हैं। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गयी है।

बड़ीबाग चुंगी निवासी मनोज खरवार की पुत्री प्रिया उर्फ गुनगुन शुक्रवार की शाम अपनी 10 वर्षीय बड़ी बहन श्रेया और अन्य सहेलियों संग शौच के लिए लंका मैदान के शौचालय जा रही थी। प्रिया की बड़ी बहन श्रेया ने बताया कि बड़ीबाग मोड़ के पास मुंह बांधे हुए एक युवती मिली। उसने हम लोगों को पैसा देकर बिस्किट लाने को कहा और प्रिया को वहीं रोक लिया। हम लोग जब बिस्किट लेकर वापस आये तो देखा कि प्रिया वहां से गायब है। इसके बाद श्रेया भागे-भागे घर पहुंची और इसकी जानकारी अपने माता-पिता को दिया।

श्रेया की सूचना पर माता-पिता सहित मुहल्ले के अन्य व्यक्तियों ने इधर-उधर प्रिया की काफी तलाश किया, लेकिन वह नहीं मिली। अंत में हार मानकर रात करीब 10 बजे परिजन नगर कोतवाली में प्रिया के अपहरण हो जाने की तहरीर दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गयी है। वहां लगे सीसीटीवी फुटेज को भी पुलिस खंगाल रही है। इस संबंध में कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि बालिका की खोजबीन चल रही है। इसके लिए पुलिस की टीम लगा दी गयी है, जल्द की बालिका को बरामद कर लिया जाएगा।

Leave a Reply