दहेज के लिए पति ने की पत्नी की हत्या-आरोप

गाजीपुर-कासिमाबाद थाना क्षेत्र के महुवारी गांव निवासी सलोनी नामक विवाहित युवती आयु 22 वर्ष की गुरुवार की रात संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। जानकारी होने पर पहुंचे मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पति समेत छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी पति वेदप्रकाश राम को हिरासत में ले लिया गया है।बिरनो थाना क्षेत्र के भड़सर गांव निवासी धर्मदेव राम की इकलौती पुत्री सलोनी की शादी वर्ष 2015 में महुवारी गांव निवासी देवप्रकाश राम के साथ हुई थी। दोनों के बीच एक पुत्री पैदा हुई। पति के मुताबिक सलोनी फिर से गर्भवती थी। वह गर्भपात कराने के लिए दबाव भी बना रही थी। समझाने बुझाने के बाद भी वह इसके लिए लगातार जिद कर रही थी। बाद में वह बिस्तर पर मृत मिली। उधर, सलोनी के पिता धर्मदेव राम का कहना है कि शादी में अपने सामर्थ्य के अनुसार ससुराल के लोगों को दान दहेज भी दिया गया। आरोप लगाया कि बाद में वे लैपटाप, एलइडी टीबी, पांच लाख रुपये की मांग करने लगे। सलोनी इसका विरोध की तो उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। प्रताड़ित किए जाने वाली बात का जिक्र सलोनी ने फोन कर मायके वालों से कई बार किया भी था। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल के लोग गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिए। मौत की जानकारी होने पर भतीजा आनंद कुमार गया तो ससुराल के लोग मारपीट कर उसे कर घायल कर दिए। वेदप्रकाश राम के पिता ओमप्रकाश गोरखपुर में पुलिस विभाग में तैनात हैं। मां भी वहीं उन्हीं के साथ रहती है। प्रभारी थानाध्यक्ष नंदा प्रसाद ने बताया कि सलोनी के पिता धर्मदेव राम की तहरीर पर पति, सास, ससुर, जेठ, देवर व ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।