मुम्बई-अर्नव की गिरफ्तारी, लोकतंत्र की हत्या-तेजिंदर सिंह तिवाना

मुंबई: महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी सरकार द्वारा चलाए जा रहे दमन चक्र के विरुद्ध मुम्बई भाजपा अध्यक्ष श्री मंगलप्रभात लोढ़ा के मार्गदर्शन में भारतीय जनता युवा मोर्चा मुंबई द्वारा बुधवार को तीव्र आंदोलन किया गया। जिसमें अनेक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। डॉ बाबासाहेब आंबेडकर जी की मूर्ति के नीचे, मंत्रालय, मुम्बई के पास आंदोलन का नेतृत्व करते हुए मुम्बई भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष तेजिंदर सिंह तिवाना ने कहा कि आज सुबह मुंबई पुलिस ने जिस तरह से रिपब्लिक टीवी के एडिटर इन चीफ अर्नब गोस्वामी को उनके घर से हिरासत में लिया गया, हाथापाई व मारपीट की गयी, यह खुलेआम लोकतंत्र की हत्या है। संविधान द्वारा प्रदत्त अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को कुचलने और प्रेस की स्वतंत्रता को छीनने का प्रयास किया जा रहा है, महाराष्ट्र को आपातकाल की स्थिति में धकेला जा रहा है। जिसकी हम तीव्र निंदा करते है। मुम्बई भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष तेजिंदर सिंग तिवाना ने कहा कि अर्नब गोस्वामी के साथ पुलिस का अमानवीय व्यवहार प्रतिशोध की राजनीति का नतीजा है। अर्नब और उनके चैनल ने सोनिया गाँधी और राहुल गाँधी के इशारों पर नाचती महा विकास अघाड़ी सरकार के निकम्मेपन को उजागर किया है, पालघर में निर्दोष साधुओं के नृशंस हत्याकांड पर सरकार की भूमिका पर सवाल उठाएं हैं , सरकार इन सवालों पर निरुत्तर है इसीलिए मीडिया की आवाज़ को कुचलने के लिए क़ानूनी दांव पेंचों में उलझाया जा रहा है। प्रदेश में आम जनता और मीडिया की अभिव्यक्ति के स्वतंत्रता पर आघात लोकतंत्र पर आघात है। तानाशाही और लोकतंत्र की हत्या का तो कांग्रेस का पुराना इतिहास रहा है। सन् 1975 में भी श्रीमती इंदिरा गाँधी ने अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए देश में आपातकाल लगाकर मीड़िया को चुप कराने का षड़यंत्र रचा था, वर्तमान परिदृश्य उसी घटना की पुनरावृति महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी सरकार करती दिख रही है।