मुलायम सिंह ने सपा और बसपा गठबंधन को कहा सही है

मंगलवार को किशनी के ग्राम चांदा में आयोजित जनसभा में सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने सपा और बसपा के प्रस्तावित गठबंधन पर मुहर लगा दी। मुलायम ने कहा कि सपा और बसपा से कोई मुकाबला नहीं कर सकता। सपा और बसपा मिलकर चुनाव लड़ें तो देश की राजनीति बदल जाएगी। उन्होंने मैनपुरी में सपा को जिताने के लिए लोगों का आभार ही व्यक्त नहीं किया बल्कि ये भी कहा कि मैनपुरी में हर वर्ग के लोग मुलायम को जिताते हैं। जनसभा के दौरान सपा और बसपा के झंडे एक साथ लगे। इसकी चर्चा रही।

उन्होंने कहा कि सपा किसानों, व्यापारियों और युवाओं को लेकर चलती है। सपा की नीतियां देश में सबसे अच्छी हैं। सपा जो कहती है, वही करती है। गठबंधन की कोशिश अच्छी है। दोनों एक होने से लोकसभा चुनाव में कोई नहीं हरा पाएगा। उन्होंने जनसभा में बसपा के लोगों का धन्यवाद दिया और कहा कि इस पहल को आगे भी जारी रखा जाएगा।

मुलायम ने महंगाई और भ्रष्टाचार पर केंद्र और राज्य सरकार को घेरा और कहा कि इन दोनों ही मुद्दों पर कांग्रेस सरकार ने जनता को नकार दिया था। भाजपा सरकारें भी महंगाई और भ्रष्टाचार नहीं रोक पाई हैं। देश और प्रदेश की जनता महंगाई और भ्रष्टाचार से बुरी तरह परेशान है। उन्होंने स्व. बाबूराम चांदा की सराहना की और सपाइयों से कहा कि चांदा के परिवार की हरसंभव मदद की जाए। चांदा ने पूरा जीवन सपा के लिए लगाया। इस मौके पर सांसद तेजप्रताप यादव ने भी विचार रखे।

Leave a Reply