लघुशंका कर रहे व्यवसायी पर हमला, अपराधी फरार

गाजीपुर – थाना भांवरकोल के कुंडेसर चट्टी पर मंगलवार की देर शाम बाइक सवार तीन बदमाशों ने गोली मार कर निर्माण सामग्री विक्रेता भरत गुप्त(55) को जख्मी कर दिया। गोली उनके बाएं हाथ की केहुनी तथा कलाई में लगी है। गोली मारने के बाद बदमाश मुहम्मदाबाद की ओर भाग निकले। बदमाश अपने मुंह बांधे थे। गोली चलने से चट्टी पर अफरा-तफरी मच गई। चश्मदीदों के मुताबिक चट्टी पर भरत गुप्त अपनी दुकान के सामने हाइवे की सड़क पार कर लघुशंका करने गए थे। उसी बीच मुंह बांधे तीन बदमाश अपनी बाइक उनकी दुकान पर रोके। तब उनमें से मुंहबांधे दो बदमाश लौटे भरत के करीब पहुंचे और उन्हें एक पर्ची दिए। भरत उसे पढ़े। फिर कुछ कहने लगे। तभी एक बदमाश तमंचा निकाल कर उन पर गोली दाग दिया। भरत बचाव में झुक गए। लिहाजा गोली उनकी बाई कोहनी और कलाई को छिलते हुए निकल गई। भरत गुप्त मूलतः शेरपुर कलॉ गांव के रहने वाले हैं। सीओ मुहम्मदाबाद महिपाल पाठक ने बताया कि वह मौके पर पहुंच रहे हैं। बदमाशों की सख्या तीन थी। वह भांवरकोल ब्लाक मुख्यालय की ओर से मौके पर पहुंचे थे। शुरुआती खबर में यह नहीं पता चला है कि घटना का कारण क्या है। वैसे चर्चा है कि मामला रंगदारी का हो या संभव हो रुपये के लेनदेन का विवाद भी हो सकता है। सीओ मुहम्मदाबाद ने कहा कि भरत गुप्त का कहना है कि किसी से उनकी कोई अदावत नहीं है। वह तहरीर देने से भी इन्कार कर रहे है।