ग़ाज़ीपुर

डीएम ने बैंकों को लगाई फटकार,7 दिन में लोन जारी करने का निर्देश

गाजीपुर, 04 जून 2026 – जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में वित्त वर्ष 2026-27 के अंत तक जनपद में 7009 घरों पर सोलर रूफटॉप लगाने के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 3479 घरों पर स्थापना कार्य पूर्ण होने की जानकारी दी गई।परियोजना अधिकारी यूपीनेडा सच्चिदानन्द तिवारी ने बताया कि वर्तमान में बैंकों में कुल 1088 लोन पत्रावलियां लंबित हैं। इस पर रोष व्यक्त करते हुए डीएम ने जिला अग्रणी प्रबंधक राजदेव कुमार व सभी बैंकों के जिला समन्वयकों को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 01 माह से अधिक दिनों से लंबित पत्रावलियों का निस्तारण 03 दिवस में और 01 माह के अंदर की फाइलों का 07 दिवस में डिस्बर्सल सुनिश्चित करें।डीएम ने स्पष्ट किया कि अनावश्यक रूप से किसी भी पत्रावली को रिजेक्ट न किया जाए। लोन निर्गमन में हीलाहवाली करने वाले शाखा प्रबंधकों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई हेतु बैंक मुख्यालय को पत्र भेजा जाए।जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अभियंताओं को इंस्पेक्शन कार्य पोर्टल पर 03 दिवस के अंदर पूरा करने तथा मीटर स्थापना व कॉन्फिग्रेशन कार्य यथाशीघ्र पूर्ण कराने को कहा। बिजली बिल संशोधन के लिए सभी डिविजनों में मेगा कैम्प आयोजित कर निस्तारण के निर्देश भी दिए। जागरूकता के लिए लगेंगे कैम्प :डीएम ने सभी वेंडरों को निर्देशित किया कि तहसील भवन, नगर पालिका कार्यालय, शिक्षा विभाग के कार्यालयों एवं विद्युत वितरण खंड/उपखंडों पर कैंप लगाकर लोगों को सोलर रूफटॉप के लिए जागरूक करें।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, परियोजना अधिकारी यूपीनेडा सच्चिदानन्द तिवारी, जिला अग्रणी प्रबंधक राजदेव कुमार, सभी जनपद स्तरीय नोडल अधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत, जीएमआर स्मार्ट मीटर के प्रतिनिधि पीयूष कुमार, राष्ट्रीयकृत बैंकों के जिला समन्वयक एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।