1600 सौ युवाओं ने किया प्रतिभाग,500 सौ का हुआ चयन

गाजीपुर, 04 जून 2026 – उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत जिला प्रशासन एवं जिला सेवायोजन कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को राजकीय आईटीआई, गाजीपुर परिसर में वृहद प्लेसमेंट इवेंट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने फीता काटकर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने युवाओं से रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसे इवेंट युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों से सीधे जुड़ने का मंच देते हैं। सीडीओ आलोक प्रसाद ने युवाओं को अपनी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।अधिकारियों ने बताया कि जनपद के युवाओं को देश-विदेश में अधिकाधिक रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेवायोजन विभाग द्वारा एकीकृत पोर्टल http://rojgaarsangam.up.gov.in विकसित किया गया है। इसके माध्यम से आसान और तेज ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा दी गई है। रोजगार, कॅरियर मार्गदर्शन एवं अन्य जानकारी हेतु विभाग की निःशुल्क हेल्पलाइन नं- 155330 पर भी संपर्क किया जा सकता है, जिससे युवाओं को घर बैठे सहायता मिल सके।प्लेसमेंट इवेंट में विजन इंडिया प्रा0लि0 द्वारा मारुति सुजुकी इंडिया लि0, अहमदाबाद, गुजरात हेतु FTC (Fixed Term Contract) पद के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया गया। इवेंट में लगभग 1600 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें से कुल 500 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है।चयन प्रक्रिया के दौरान कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच एवं साक्षात्कार लिया। युवाओं में रोजगार मेले को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।








