होटल कारोबारी के बेटे की हत्या में सामिल 1 लाख का इनामी पुलिस मुठभेड़ में ढेर

गाजीपुर, 04 जून 2026 – कोतवाली थाना क्षेत्र में होटल कारोबारी के पुत्र की हत्या के मामले में वांछित ₹1 लाख के इनामी बदमाश को मंगलवार देर रात पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। स्वाट टीम, थाना कोतवाली व थाना करंडा पुलिस की संयुक्त टीम की इस कार्रवाई में स्वाट प्रभारी के हाथ में गोली लगने से वे घायल हो गए। करंडा थानाध्यक्ष के बुलेटप्रूफ जैकेट में भी गोली लगी।दिनांक 03.06.2026 को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, प्रभारी स्वाट व थानाध्यक्ष करंडा टीम के साथ आदर्श बाजार में मौजूद थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि होटल कारोबारी के बेटे की हत्या में वांछित अभियुक्त पौहारी बाबा मठ पुलिया के पास मौजूद है। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की तो आरोपी ने पुलिस पर पिस्टल से फायर कर मोटरसाइकिल से गंगा नदी की तरफ भागने लगा ।पुलिस टीम ने कंट्रोल रूम को सूचना देते हुए पीछा किया। ग्राम कुर्था ट्यूबवेल के पास खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के सीने में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।मुठभेड़ में स्वाट प्रभारी रोहित कुमार मिश्रा के हाथ में गोली लगने से वे घायल हो गए। उनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। वहीं करंडा थानाध्यक्ष संतोष कुमार पाठक के बुलेटप्रूफ जैकेट में भी एक गोली लगी। गनीमत रही कि वे बाल-बाल बच गए।मारे गए बदमाश की पहचान कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद पुत्र तुफानी बिंद, निवासी ग्राम गोड़ा देहाती गौशाबाद, थाना कोतवाली, गाजीपुर के रूप में हुई है। उस पर हत्या समेत 7 मुकदमे दर्ज थे। कोतवाली में दर्ज मु.अ.सं. 365/26 में वह ₹1 लाख का इनामी वांछित था।मौके से दो अदद अवैध पिस्टल .32 बोर, 04 अदद खोखा कारतूस .32 बोर और एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली प्रमोद कुमार सिंह, थानाध्यक्ष करंडा संतोष कुमार पाठक और स्वाट प्रभारी रोहित कुमार मिश्रा अपनी-अपनी टीमों के साथ शामिल रहे।कमलेश बिंद पर कोतवाली थाने में एक्साइज एक्ट, मारपीट, जानलेवा हमला, धमकी और हत्या समेत कुल 7 मुकदमे दर्ज थे। हाल ही में होटल कारोबारी के बेटे की हत्या के मामले में उस पर ₹1 लाख का इनाम घोषित था।








