ग़ाज़ीपुर

दोस्त ने दोस्त पर किया चाकू से हमला, युवक घायल

गाजीपुर, 04 जून 2026 – शहर कोतवाली क्षेत्र के मालगोदाम इलाके में गुरुवार की भोर एक मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। यहां एक युवक ने अपने ही दोस्त पर चाकू से कई वार कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी खुद थाने पहुंच गया, जबकि स्थानीय लोगों ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार घायल युवक को मामूली चोटें आई हैं और खतरे से बाहर है।जानकारी के अनुसार, धनंजय बिंद उर्फ छटकी, उम्र करीब 20 वर्ष, पुत्र स्व. सतिराम, निवासी मालगोदाम, बुधवार-गुरुवार की रात लगभग 2 बजे इलाके के एक मंदिर के पास बैठा था। इसी दौरान उसका दोस्त अभिषेक बिंद पुत्र सुनील बिंद, निवासी नई बस्ती सकलेनाबाद, वहां पहुंच गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि अभिषेक गुस्से में अपने घर गया और वहां से चाकू लेकर वापस लौट आया। आरोप है कि उसने धनंजय पर चाकू से कई वार कर दिए। हमले में धनंजय के हाथ और पीठ पर चोटें आईं।घटना के बाद शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों ने तत्काल घायल धनंजय को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अभिषेक बिंद खुद शहर कोतवाली पहुंच गया।सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और घायल का बयान दर्ज किया। चिकित्सकों ने बताया कि धनंजय को मामूली चोटें आई हैं और उसकी हालत स्थिर है। पुलिस ने आरोपी अभिषेक को हिरासत में ले लिया है। शहर कोतवाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।मालगोदाम क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों युवक आपस में दोस्त थे और अक्सर साथ देखे जाते थे। मामूली बात पर हुए इस हमले से लोग हैरान हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि विवाद की असली वजह क्या थी।