ग़ाज़ीपुर

प्रभारी मंत्री ने विकास कार्यों व कानून व्यवस्था की समीक्षा की, दो अधिकारियों का वेतन रोका

गाजीपुर, 04 जून 2026 – जनपद के प्रभारी मंत्री एवं राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग उत्तर प्रदेश रवीन्द्र जायसवाल ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कानून व्यवस्था एवं जिले के सर्वांगीण विकास को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने पीपीटी के माध्यम से योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। अनुपस्थित अधिकारियों पर गिरी गाज:समीक्षा बैठक में दुग्ध विभाग एवं मत्स्य पालन अधिकारी के अनुपस्थित पाए जाने पर प्रभारी मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल प्रभाव से दोनों अधिकारियों का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। इन विभागों की हुई समीक्षा:बैठक में उद्यान, पशुपालन, दुग्ध, वन, सहकारिता, मत्स्य, ग्राम्य विकास, मनरेगा, पीएम आवास योजना ग्रामीण व शहरी, पीएम स्वनिधि, पंचायती राज, नेडा, पीएम सूर्यघर, खादी एवं ग्रामोद्योग, पर्यटन, बेसिक व माध्यमिक शिक्षा, खेलकूद, उद्योग, सेवायोजन, चिकित्सा, होम्योपैथिक, आयुर्वेदिक, समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, महिला कल्याण, बाल विकास, नगर विकास, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण अभियंत्रण, जल निगम समेत अन्य विभागों की योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। नवाचार करें,हर पात्र तक पहुंचे योजना:प्रभारी मंत्री ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने विभागों में नवाचार करने का निर्देश दिया ताकि अधिक से अधिक पात्रों को सरकार की योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा संचालित योजनाओं व परियोजनाओं को धरातल पर उतारते हुए मानक के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूर्ण कराया जाए। मंत्री ने दो टूक कहा कि सरकार की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभपरक योजनाओं से वंचित न रहे, अधिकारी इस पर विशेष ध्यान दें। कानून व्यवस्था पर सख्त निर्देश:कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसामान्य की सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। उन्होंने अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में सघन निगरानी के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि आमजन को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, एडीएम वि/रा वेद सिंह चौहान, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज सहित जिले के समस्त अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।