कमलेश बिन्द एन्काउन्टर, पुलिस व राहगीरों पर पत्थराव , तोड़फोड़, हंगामा

गाजीपुर, 0 4 जून 2026 – बहुचर्चित विनीत राय हत्याकांड में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए एक लाख के इनामी बदमाश कमलेश चौधरी का शव गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपते ही फुल्लनपुर में बवाल मच गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को फुल्लनपुर रेलवे क्रॉसिंग पर रखकर चक्काजाम कर दिया और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में सीओ सिटी शेखर सेंगर समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।पुलिस सूत्रों के अनुसार, शव गांव पहुंचते ही 300 से अधिक ग्रामीण जुट गए। लोगों ने फुल्लनपुर रेलवे क्रॉसिंग पर शव रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि कमलेश चौधरी पर फर्जी मुकदमे दर्ज कर उसका एनकाउंटर किया गया है। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं और वे शव से लिपटकर विलाप करती रहीं।सूचना पर पहुंची पुलिस को देखते ही भीड़ उग्र हो गई और पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती पथराव में सीओ सिटी शेखर सेंगर के सिर में चोट आई। कई महिला पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की सूचना है। हालात बिगड़ते देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को पीछे हटना पड़ा।हालात बेकाबू होते देख वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल और बॉडी प्रोटेक्टर से लैस जवानों के साथ पहुंचे। पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़ना शुरू किया तो भीड़ में भगदड़ मच गई। लोग शव छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर एम्बुलेंस से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।पथराव के दौरान कुछ पुलिसकर्मी जान बचाकर होमगार्ड कार्यालय में घुसे, लेकिन उपद्रवी वहां तक पहुंच गए। गोड़ा शहरी कॉलोनी मोड़ के पास भी पथराव हुआ, जिससे इलाके में दहशत फैल गई और लोगों ने घरों के दरवाजे बंद कर लिए। बताया जा रहा है कि पहले होटल बिंदु के सामने प्रदर्शन की योजना थी, जिसे बदलकर फुल्लनपुर में जाम लगाया गया।बवाल के बाद पूरे फुल्लनपुर इलाके को पुलिस छावनी में बदल दिया गया। प्रमुख स्थानों पर फोर्स तैनात कर दी गई। घायल पुलिसकर्मियों को मेडिकल कॉलेज भेजा गया। पुलिस ने उपद्रवियों की पहचान शुरू कर दी है और कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। पुलिस के देखरेख में हुआ अंतिम संस्कार:स्थिति सामान्य होने के बाद पुलिस शव को श्मशान घाट ले गई। वहां परिवार के कुछ सदस्यों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कराया गया। पूरी प्रक्रिया के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। एसपी ने दी चेतावनी:पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने कहा कि पथराव और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। सीओ सिटी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








