ग़ाज़ीपुर

अघोषित बिजली कटौती को लेकर आप का प्रदर्शन

गाजीपुर: आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता, राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के निर्देश पर आज आम आदमी पार्टी ग़ाज़ीपुर जिला के कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश में व्याप्त भीषण बिजली संकट, अघोषित बिजली कटौती, महंगी बिजली दरों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के उपरांत किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष नागेंद्र यादव के नेतृत्व में माननीया राज्यपाल महोदया को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा गया। आप जिलाध्यक्ष विवेक राय ने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में प्रदेश की जनता बिजली संकट से त्रस्त है। अनेक जिलों में 22 से 48 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने की घटनाएं सामने आ रही हैं। राजधानी लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में आम नागरिक, किसान, व्यापारी, छात्र और कर्मचारी अघोषित बिजली कटौती से परेशान हैं। जनता देश की सबसे महंगी बिजली दरें चुकाने के बावजूद पर्याप्त और निर्बाध बिजली नहीं पा रही । किसान प्रकोष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष नागेंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार बिजली व्यवस्था सुधारने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत है। गांवों और शहरों में घंटों बिजली गुल रहने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। उद्योग, व्यापार, खेती और विद्यार्थियों की पढ़ाई तक प्रभावित हो रही है। जिला उपाध्यक्ष जावेद अहमद ने कहा कि बाराबंकी में बिजली न होने के कारण सड़क किनारे सो रहे एक परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत प्रदेश की बदहाल बिजली व्यवस्था का दुखद उदाहरण है। इस घटना की उच्चस्तरीय जांच कर पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा एवं न्याय दिया जाना चाहिए। किसान प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार यादव ने आरोप लगाया कि जब जनता बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं की मांग कर रही है, तब सरकार के जिम्मेदार मंत्री समस्याओं का समाधान करने के बजाय गैर-जिम्मेदाराना बयानबाजी में व्यस्त हैं। जनता को राहत देने के बजाय उसकी आवाज को नजरअंदाज किया जा रहा है।
सोशल मीडिया प्रभारी ओमप्रकाश यादव ने कहा कि वर्तमान सरकार जन विरोधी सरकार है। प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अघोषित बिजली कटौती बंद करने, निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, बिजली दरों में वृद्धि पर रोक लगाने, फर्जी बिलिंग की निष्पक्ष जांच कराने तथा प्रदेशवासियों को सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने की मांग की । नंदलाल प्रसाद गुप्ता ने कहा कि यह मांग प्रदेश की करोड़ों जनता के हितों से जुड़ा हुआ है। जिला मीडिया प्रभारी नागेंदर शर्मा ने कहा कि सरकार जनता से, जनता के लिए है । इस दौरान जिला उपाध्यक्ष जावेद अहमद, किसान प्रकोष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष नागेंद्र यादव, किसान प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार यादव , जिला मीडिया प्रभारी नागेंदर शर्मा, विरेंदर यादव ,शाने आलम नंदलाल प्रसाद गुप्ता आदि उपस्थित थे।