ग़ाज़ीपुर

मक्के के खेत में करंट लगने से 48 वर्षीय किसान की मौत

भांवरकोल/गाजीपुर, 05 जून 2026 – भांवरकोल थाना क्षेत्र के शेरपुर खुर्द गांव में बुधवार रात एक दर्दनाक हादसे में 48 वर्षीय किसान की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक मक्के के खेत में घुसे सांड़ को भगाने गया था। रात में घर न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की तो खेत में शव पड़ा मिला। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।प्राप्त जानकारी के अनुसार शेरपुर खुर्द निवासी बबलू यादव 4 जून की रात करीब 10 बजे अपने मक्के के खेत में सांड़ घुसने की सूचना पर उसे भगाने गए थे। खेत के पास बिजली के खंभे से निकली छरकी में करंट उतर रहा था। अंधेरे में बबलू यादव का पैर छरकी पर पड़ गया और करंट की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।देर रात तक बबलू यादव के घर न लौटने पर पड़ोसी संतोष यादव उन्हें खोजते हुए खेत पर पहुंचे। वहां बबलू का शव पड़ा देख संतोष ने उठाने की कोशिश की तो उन्हें भी करंट के झटके लगे। शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह बिजली सप्लाई बंद कराकर शव को बाहर निकाला गया। शव घर लाते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी पुष्पा देवी और तीन बेटियां व 15 वर्षीय एक बेटा बेसुध हो गए।सूचना पर पहुंची भांवरकोल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना अध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।वहीं बिजली विभाग के एसडीओ मोहम्मदाबाद अमित कुमार राय ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। टीम को मौके पर भेजा गया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यदि विभागीय लापरवाही पाई गई तो जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई होगी।घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि खंभे से निकली छरकी में करंट की सूचना कई बार दी गई, लेकिन मरम्मत नहीं हुई। पीड़ित परिवार मजदूरी कर जीवन यापन करता था। बबलू यादव ही परिवार के एकमात्र कमाने वाले थे। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।