ग़ाज़ीपुर

गज़ब ! बाप खाकी में और बेटा बनेगा इंजीनियर

गाजीपुर, 05 जून 2026 – ‘मेहनत इतनी खामोशी से करो कि सफलता शोर मचा दे’ – इस कहावत को सच कर दिखाया है जनपद के रूकुन्दीपुर नोनहरा निवासी प्रिंस कुमार मौर्य ने। प्रिंस ने JEE Advanced 2026 में ऑल इंडिया रैंक 7813 और ओबीसी कैटेगरी में 1799वीं रैंक हासिल कर न सिर्फ अपने माता-पिता बल्कि पूरे गांव और जनपद का नाम रोशन किया है। परिणाम घोषित होते ही नोनहरा में जश्न का माहौल बन गया। घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया।प्रिंस कुमार मौर्य पुत्र सुरेश कुशवाहा का बचपन से ही सपना IIT में पढ़ने का था। इस लक्ष्य को पाने के लिए प्रिंस ने खुद को पूरी तरह पढ़ाई के लिए समर्पित कर दिया। पिछले दो साल से रोजाना 12 से 13 घंटे की कड़ी पढ़ाई की। कोचिंग के साथ सेल्फ स्टडी पर खास ध्यान दिया। प्रिंस ने बताया, ‘IIT मेरा सपना था। जानता था कि रास्ता कठिन है, लेकिन माता-पिता का भरोसा और अपनी मेहनत पर यकीन था। आज रिजल्ट देखकर सारी थकान उतर गई।’प्रिंस की प्रतिभा का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वह शुरू से ही पढ़ाई में अव्वल रहे हैं। हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में प्रिंस ने 97% अंक हासिल किए थे। इंटरमीडिएट में भी 94% अंक लाकर जिला टॉपर्स में जगह बनाई थी। JEE Mains 2026 में भी प्रिंस ने 99.73 परसेंटाइल स्कोर कर अपनी दावेदारी मजबूत कर दी थी। अब JEE Advanced में बेहतरीन रैंक लाकर उन्होंने IIT का दरवाजा खटखटा दिया है। पिता खाकी में,बेटा बनेगा इंजीनियर:प्रिंस के पिता सुरेश कुशवाहा उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में हरदोई जिले में तैनात हैं। पिता के पुलिस की नौकरी में होने के बावजूद प्रिंस ने कभी पढ़ाई से समझौता नहीं किया। मां ने घर की जिम्मेदारी संभालते हुए बेटे की पढ़ाई का पूरा माहौल बनाया। पिता सुरेश कुशवाहा ने भावुक होते हुए कहा, ‘ड्यूटी की वजह से हमेशा साथ नहीं रह पाया, लेकिन बेटे ने हमारी गैरमौजूदगी को अपनी ताकत बना लिया। आज उसने पूरे परिवार का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया।’गांव में बांटी गई मिठाई,बने प्रेरणास्रोत:JEE Advanced का परिणाम आते ही पूरे नोनहरा गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ प्रिंस के घर पहुंचकर बधाई दी। मिठाई बांटी गई। ग्राम प्रधान समेत क्षेत्रीय लोगों ने कहा कि प्रिंस ने साबित कर दिया कि संसाधन कम हों तो भी हौसले से हर मंजिल पाई जा सकती है। प्रिंस अब गांव के दूसरे बच्चों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन गए हैं।प्रिंस ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और अपनी मेहनत को दिया है। उन्होंने कहा कि वह IIT से कंप्यूटर साइंस में बीटेक करना चाहते हैं और आगे चलकर देश के लिए कुछ बड़ा करना चाहते हैं।