विश्व पर्यावरण दिवस पर रणधीर यादव सम्मानित

रेवतीपुर (गाजीपुर), 5 जून।विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शिव-शिवा स्नेह संस्था द्वारा गौरा ग्राम पंचायत, रेवतीपुर में पौधरोपण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के उपाध्यक्ष उमेश कुमार श्रीवास्तव ने की।इस अवसर पर शिक्षा, सामाजिक जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए रणधीर यादव (मास्टर साहब) को सम्मानित किया गया। उन्हें सत्येंद्र कुमार राय, अनिल राय तथा बीएसडी पब्लिक स्कूल के बिपिन कुमार राय द्वारा अंगवस्त्र एवं सम्मान-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में उमेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि आज विश्व जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और प्राकृतिक संसाधनों के क्षरण जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह पर्यावरण संरक्षण को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाए। उन्होंने कहा कि एक पौधा लगाना केवल वृक्षारोपण नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य में निवेश है।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा संकल्प लिया कि वे अधिक से अधिक वृक्ष लगाएंगे और उनकी देखभाल भी करेंगे। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण, स्वस्थ समाज और समृद्ध राष्ट्र का आधार है।कार्यक्रम का सफल संचालन संतोष जायसवाल ने किया। इस अवसर पर सत्येंद्र कुमार राय, ओमप्रकाश यादव, रमाशंकर यादव, पवन कुमार, जोखू राम, लक्ष्मण प्रसाद, अर्पिता यादव, राजेन्द्र यादव, चन्दन यादव, गुड्डू यादव, चंदन प्रजापति, चौथी यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता एवं हरित विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।”पेड़ केवल प्रकृति की शोभा नहीं, बल्कि मानव जीवन की श्वास हैं। आइए, एक पौधा लगाकर धरती को हराभरा और आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित बनाएं।”








