ग़ाज़ीपुर

“एनकाउंटर नहीं, हत्या करवाई गई – एनकाउंटर में मारे गए कमलेश बिंद के भाई का आरोप

गाजीपुर, 05 जून 2026 – बहुचर्चित विनीत राय हत्याकांड में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए एक लाख के इनामी बदमाश कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद के एनकाउंटर पर अब सवाल उठने लगे हैं। मृतक के बड़े भाई और ग्राम प्रधान पति संजय बिंद ने पुलिस मुठभेड़ को फर्जी करार देते हुए इसे ‘हत्या’ बताया है। संजय बिंद ने कहा कि वह इस मामले को लेकर चुप नहीं बैठेंगे और कोर्ट से लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक न्याय की गुहार लगाएंगे। 2 जून को उठाया 3 जून को कर दिया एनकाउंटर :संजय बिंद का आरोप है कि 2 जून को पुलिस उनके भाई कमलेश और गांव के दो लड़कों को जबरन उठाकर ले गई थी। इसके अगले ही दिन 3 जून को पुलिस ने कमलेश का फर्जी एनकाउंटर कर दिया। संजय ने कहा, ‘मेरा भाई निर्दोष था। उसे आलोक राय ने फंसाया है।’ आलोक राय पर लगाए गंभीर आरोप:संजय बिंद ने आरोप लगाया कि ‘आलोक राय ने मेरे भाई की हत्या करवाई है। उनके होटल में गंदा काम होता था। लड़कियों की जिस्मफरोशी का काम होता है, बियर बार में आए दिन मारपीट होती है। मेरा भाई और उसके दोस्त इसका विरोध करते थे तो मारपीट पर उतारू हो जाते थे।’ उन्होंने मांग की कि आलोक राय पर भी कार्रवाई हो और उनके होटल पर भी बुलडोजर चले। साथ ही उन्होंने पुलिस से आलोक राय की सीडीआर निकलवाने और होटल में सीसीटीवी न होने पर सवाल उठाए। संजय ने कहा, ‘करोड़ों कमाते हैं, टैक्स देने की बात करते हैं, फिर होटल में सीसीटीवी क्यों नहीं लगवाए? सीसीटीवी होता तो दूध का दूध पानी का पानी हो जाता।’ पत्नी और भाभी को भी उठाया,4-5 दिन रखा कस्टडी में:संजय बिंद ने पुलिस पर और भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि विनीत राय की हत्या के बाद पुलिस पर दबाव था, इसलिए 30 मई की सुबह उनकी पत्नी ग्राम प्रधान अनीता और कमलेश की पत्नी मनीषा को पुलिस उठा ले गई। ‘मैंने बहुत रिक्वेस्ट की, पर पुलिस ने कस्टडी में रखा। 4-5 दिन तक बहुत प्रताड़ित किया। एनकाउंटर वाले दिन 2 जून की रात ढाई बजे मेरी पत्नी अनीता और बहू मनीषा को बीच रोड पर छोड़ दिया। दोनों किसी तरह घर पहुंची थीं।’ पत्नी भी बोली “पति बेकसूर थे”कमलेश की पत्नी मनीषा ने भी रोते हुए कहा कि उनके पति का कोई कसूर नहीं था। उन्होंने भी एनकाउंटर पर सवाल उठाए और न्याय की मांग की। पुलिस ने आरोपों को बताया बेबुनियाद:वहीं पुलिस सूत्रों ने संजय बिंद के सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। पुलिस का कहना है कि कमलेश बिंद एक लाख का इनामी दुर्दांत अपराधी था और विनीत राय हत्याकांड में मुख्य आरोपी था। पुलिस मुठभेड़ पूरी तरह विधिक प्रक्रिया के तहत हुई है। महिलाओं को हिरासत में रखने के आरोप भी गलत हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के लिए नियमानुसार थाने बुलाया गया था। क्या कहते हैं कानून के जानकार:मामले में अब संजय बिंद ने कोर्ट जाने और मुख्यमंत्री से मिलने की बात कही है। कानून के जानकारों का कहना है कि एनकाउंटर की मजिस्ट्रेटी जांच का प्रावधान है। यदि परिजनों को कोई आपत्ति है तो वे न्यायालय में अपनी बात रख सकते हैं। फिलहाल पुलिस ने फुल्लनपुर में हुए बवाल के बाद सुरक्षा कड़ी कर दी है और उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।नोट- खबर में शामिल सभी आरोप मृतक के भाई संजय बिंद द्वारा लगाए गए हैं। पुलिस ने इन आरोपों को नकारा है। मामले की जांच जारी है।