01 लाख के इनामी कटरा गैंग के सरगना शंकर पाण्डेय पर कोर्ट भी हुई सख्त, पुलिस को दिया फरमान

गाजीपुर, 05 जून 2026 – बहुचर्चित अंशुमान सिंह हत्याकांड में अपर सत्र न्यायाधीश शक्ति सिंह की अदालत ने गुरुवार को सख्त रुख अपनाते हुए कटरा गैंग के सरगना और एक लाख के इनामी दुर्दांत अपराधी शंकर पांडेय के खिलाफ गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी कर दिया। कोर्ट ने सदर कोतवाली प्रभारी को 25 जून तक हर हाल में शंकर पांडेय को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने का आदेश दिया है।कई तारीख पर नहीं हुआ हाजिर आरोपी शंकर पाण्डेय:जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी अखिलेश सिंह ने बताया कि अंशुमान हत्याकांड में गुरुवार को तारीख नियत थी। इस मुकदमे में एक आरोपी कोर्ट में हाजिर हुआ, लेकिन मुख्य आरोपी शंकर पांडेय अनुपस्थित रहा। डीजीसी क्रिमिनल ने कोर्ट को बताया कि शंकर पांडेय दुर्दांत अपराधी है और उस पर पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है। लगातार गैरहाजिरी को गंभीरता से लेते हुए कोर्ट ने तत्काल एनबीडब्ल्यू जारी कर दिया। 2020 में दोस्ती के विवाद में हुई थी अंशुमान सिंह की हत्या:21 मार्च 2020 को उतरौली, थाना रेवतीपुर निवासी अंशुमान सिंह पुत्र विनोद सिंह की हत्या कर दी गई थी। अंशुमान शहर कोतवाली क्षेत्र के राय कॉलोनी में किराये के मकान में रहकर पीजी कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था। उसके किसी दोस्त के साथ कटरा गैंग का विवाद हो गया था। इसी रंजिश में कटरा गैंग के सरगना शंकर पांडेय ने अंशुमान को कॉलोनी के पीछे सकलेनाबाद स्थित मजार के पास बुलाया था। वहां शंकर और उसके साथियों ने चाकू व अन्य धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर अंशुमान को मौत के घाट उतार दिया था। लंबे समय से फरार है इनामी बदमाश:पुलिस रिकॉर्ड में शंकर पांडेय दुर्दांत अपराधी के रूप में दर्ज है। अंशुमान हत्याकांड में वह मुख्य आरोपी है और लंबे समय से फरार चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस कई बार दबिश दे चुकी है, लेकिन वह अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित है। पुलिस पर बढ़ा गिरफ्तारी का दबाव:कोर्ट के सख्त आदेश के बाद सदर कोतवाली पुलिस पर इनामी बदमाश को पकड़ने का दबाव बढ़ गया है। 25 जून तक शंकर पांडेय को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती होगी। माना जा रहा है कि अब सदर कोतवाली पुलिस नए सिरे से शंकर पांडेय की तलाश में अभियान चलाएगी। अंशुमान हत्याकांड जनपद का चर्चित मामला रहा है और इस केस में शंकर पांडेय समेत कई आरोपी नामजद हैं।








