अब अपहरण मामले में इनामी शंकर पाण्डेय को 29 जून तक कोर्ट में पेश करने का निर्देश

गाजीपुर, 05 जून 2026 – गाजीपुर न्यायालय ने होटल व्यापारी हत्याकांड के आरोपी शंकर पांडे के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए लगातार दूसरे दिन गैर जमानती वारंट जारी किया है। वहीं पुलिस एनकाउंटर में मारे गए दूसरे आरोपी कमलेश चौधरी के मामले में कोर्ट ने कोतवाली पुलिस को अबेट दाखिल करने का निर्देश दिया है। यह कार्रवाई साल 2024 में मिश्र बाजार से गारमेंट व्यापारी के अपहरण के पुराने मामले में हुई है। क्या है 2024 का अपहरण केस:सहायक शासकीय अधिवक्ता अखिलेश सिंह ने बताया कि साल 2024 में कोतवाली थाना क्षेत्र के मिश्र बाजार स्थित सचिन गारमेंट के मालिक सचिन का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया था। आरोप है कि शंकर पांडे और कमलेश चौधरी स्कॉर्पियो गाड़ी से आए और सचिन को जबरन उठाकर ले गए। घटना के बाद परिजनों की तहरीर पर कोतवाली में दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।गुरुवार को इस मामले में MP-MLA कोर्ट में सुनवाई थी। सुनवाई के दौरान आरोपी शंकर पांडे के अधिवक्ता की ओर से कोर्ट में कोई पत्रावली या जवाब दाखिल नहीं किया गया। इस पर नाराजगी जताते हुए MP-MLA कोर्ट के न्यायाधीश शक्ति सिंह ने आरोपी शंकर पांडे के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया। यह लगातार दूसरा दिन है जब शंकर पांडे के खिलाफ NBW जारी हुआ है। एनकाउंटर में मारा गया है दूसरा आरोपी कमलेश:इस मामले के दूसरे आरोपी कमलेश चौधरी का दो दिन पूर्व पुलिस मुठभेड़ में एनकाउंटर हो चुका है। एनकाउंटर के एक दिन बाद कमलेश के परिजनों और गांव वालों ने हंगामा भी किया था। शासकीय अधिवक्ता ने कोर्ट को इस तथ्य से अवगत कराया। इस पर कोर्ट ने कोतवाली पुलिस को निर्देश दिया कि कमलेश चौधरी के संबंध में अबेट दाखिल करें, ताकि मुकदमे में शेष बचे आरोपी के खिलाफ कार्रवाई आगे बढ़ाई जा सके।कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 29 जून की तारीख नियत की है। साथ ही कोतवाली पुलिस को सख्त निर्देश दिया है कि किसी भी हाल में आरोपी शंकर पांडे को गिरफ्तार कर अगली तारीख पर कोर्ट के सामने पेश किया जाए। कोर्ट ने पुलिस को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि केस की विवेचना में कोई ढिलाई न हो।गौरतलब है कि शंकर पांडे होटल व्यापारी हत्याकांड समेत कई संगीन मामलों में वांछित है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। न्यायालय के इस आदेश के बाद पुलिस पर शंकर पांडे की गिरफ्तारी का दबाव और बढ़ गया है।








