ग़ाज़ीपुर

नाबालिग हाथों में थार ने मचाई तबाही

वाराणसी, 05 जून 2026 – सिगरा थाना क्षेत्र के औरंगाबाद में गुरुवार को एक तेज रफ्तार थार ने मौत का तांडव मचा दिया। काले रंग की थार को 17 वर्षीय नाबालिग चला रहा था। पहले बाइक सवार को टक्कर मारी, फिर घबराहट में बेकाबू थार ने कई राहगीरों को रौंदते हुए मुन्नालाल की प्रसिद्ध दूध-मलाई की दुकान में जा घुसी। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। तीन नाबालिग थे सवार ,रामकुंड जा रहे थे: पुलिस के अनुसार थार नंबर यूपी-65 जीबी 1212 में तीन नाबालिग सवार थे। वाहन को टेढ़ी नीम निवासी 17 वर्षीय प्रिन्स साहनी चला रहा था। उसके साथ अगस्तकुंडा, गोदौलिया निवासी अक्षय यादव (16 वर्ष) और मानमंदिर निवासी पीयूष साहनी (17 वर्ष) बैठे थे। तीनों औरंगाबाद से रामकुंड की ओर जा रहे थे। पहले बाइक को मारी टक्कर, फिर मचाया कोहराम:प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज रफ्तार थार ने सबसे पहले एक मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद नाबालिग चालक घबरा गया और उसने ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबा दिया। बेकाबू थार ने सड़क पर चल रहे लोगों को चपेट में ले लिया और सीधे मुन्नालाल की दूध-मलाई की दुकान में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकान का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। तीन लोग घायल, हालत सामान्य: इस हादसे में रंगनाथ पांडेय (30 वर्ष), विश्वभर नाथ चौरसिया (72 वर्ष) और मीता सोनकर (55 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल सभी घायलों की स्थिति सामान्य है और खतरे से बाहर हैं। थार कब्जे में, मालिक और चालाक दोनों पर कार्यवाही: सूचना मिलते ही सिगरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त थार को कब्जे में ले लिया। एसीपी चेतगंज शुभम कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। नाबालिग चालक के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही वाहन स्वामी की जिम्मेदारी तय करते हुए उसके खिलाफ भी मोटर वाहन अधिनियम की सुसंगत धाराओं में सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।एसीपी ने सख्त लहजे में कहा कि नाबालिगों को वाहन देने वाले अभिभावकों और वाहन मालिकों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों पर रोक लगाई जा सके। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।