रिटायर्ड नायब तहसीलदार के घर में चोरी, लाखों का माल किया पार

गाजीपुर, 13 जुलाई 2026 – कोतवाली थाना क्षेत्र के ददरीघाट मुहल्ले में चोरों ने रिटायर्ड नायब तहसीलदार के घर को निशाना बनाकर लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर का मेन गेट तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी-लाकर में रखे गहने और 5 से 6 लाख रुपये नकद पार कर फरार हो गए।पूरी रेकी के साथ दी घटना को अंजाम:घटना शनिवार की दोपहर की है। नोनहरा थाना क्षेत्र के आरीपुर गांव निवासी रिटायर्ड नायब तहसीलदार भैरव नाथ तिवारी का ददरीघाट में मकान है। कुछ महीनों से वह गांव में रहने लगे हैं। उनके छोटे बेटे अजीत तिवारी इसी घर में रहते हैं। अजीत की पत्नी वाराणसी में सरकारी टीचर हैं, इसलिए अजीत हर सप्ताह शनिवार-रविवार को वाराणसी चले जाते हैं।हमेशा की तरह शनिवार की दोपहर अजीत घर में ताला लगाकर वाराणसी चले गए। चोरों ने इसी का फायदा उठाया और दो दिन तक घर खाली देखकर पूरी रैकी के साथ घटना को अंजाम दिया। ताला तोड़कर उड़ाए लाखों के गहने और नगद:सोमवार की सुबह जब अजीत घर लौटे तो घर के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। चोरों ने घर के मेन गेट का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया था और गोदरेज की अलमारी व लाकर तोड़कर उसमें रखे लाखों के गहने और 5 से 6 लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए थे।घटना की जानकारी मिलते ही आस-पास के लोग मौके पर जमा हो गए। आशंका है कि चोर घर की चाहरदीवारी तोड़कर अंदर घुसे होंगे।अजीत ने तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सिर्फ कोरम पूरा कर लौट गई और भुक्तभोगी से तहरीर तक नहीं ली। पुलिस की इस कार्यशैली से नाराज भुक्तभोगी ने पुलिस विभाग के आला अधिकारियों से शिकायत की।मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों के आदेश के बाद कोतवाली पुलिस ने भुक्तभोगी से तहरीर लेकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी में जुट गई है।फिलहाल पुलिस आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और सुराग जुटाने में लगी है।








