संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, पुलिस जांच में जुटी

बरेसर (गाजीपुर) – शादी के बाद खुशियों से भरे परिवार पर गम का पहाड़ टूट पड़ा। बाराचवर स्थित काली मंदिर के पास नहर में गुरुवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कन्धौरा कला गांव निवासी 32 वर्षीय सोनू यादव के रूप में हुई।सबसे दर्दनाक बात यह है कि सोनू की शादी महज 2 महीने पहले हुई थी और वह अपनी पत्नी की विदाई की तिथि तय करने घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे।परिजनों के अनुसार, बुधवार शाम सोनू यादव मोटरसाइकिल से क्यामपुर स्थित एक पंडित के घर पत्नी की विदाई की तारीख तय करने गए थे। देर रात तक घर नहीं लौटने परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने बाराचवर स्थित काली मंदिर के पास नहर में एक शव उतराता देखा। सूचना पर पहुंची बरेसर पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। पहचान होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंची पत्नी सोनम यादव, मां लालसा देवी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।मृतक के भाई विपिन यादव ने बताया कि सोनू तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। पिता के निधन के बाद पूरे परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। वह विदेश में वेल्डर का काम करते थे और करीब तीन महीने पहले शादी के लिए घर लौटे थे।दो माह पूर्व ही उनकी शादी हुई थी और अब पत्नी की विदाई की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच हुई इस घटना ने पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।








