पत्नी और बेटी लापता,पति हैरान परेशान

जमानियां, गाजीपुर – जमानियां कोतवाली क्षेत्र के बरूईन गांव से एक महिला अपनी पुत्री के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। कई दिनों तक तलाश के बावजूद दोनों का कोई सुराग नहीं मिलने पर पति ने कोतवाली में तहरीर देकर पत्नी और बेटी की बरामदगी की गुहार लगाई है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्या है माजरा:बरूईन गांव निवासी नागेंद्र सिंह की पत्नी रत्ना सिंह बीते 2 जुलाई की सुबह करीब साढ़े 9 बजे अपनी पुत्री के साथ घर से निकल गईं। बताया जा रहा है कि वह अपने साथ एक झोले में कुछ कपड़े भी ले गई थीं। घर से निकलते समय उन्होंने परिजनों को अपने गंतव्य के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।परिजनों ने बताया कि अगले दिन 3 जुलाई की सुबह करीब 8 बजे रत्ना सिंह लगभग 15 से 20 मिनट के लिए दोबारा घर आईं, लेकिन इसके बाद फिर बेटी को साथ लेकर कहीं चली गईं। तब से अब तक मां-बेटी का कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस ने दर्ज किया गुमशुदगी:पीड़ित पति नागेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने रिश्तेदारों, ससुराल पक्ष तथा अन्य संभावित स्थानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन दोनों का कहीं कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार उन्होंने मंगलवार कोतवाली पहुंचकर लिखित प्रार्थना पत्र दिया और पत्नी व बेटी की सकुशल बरामदगी की मांग की।इस बाबत कोतवाल रामसजन नागर ने बताया कि पति की तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है तथा मां-बेटी का पता लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।








