ग़ाज़ीपुर

उप कृषि निदेशक ने बताया “पहले आओ, पहले पाओ”

गाजीपुर, 07 जुलाई 2026 :उप कृषि निदेशक ने जनपद के किसान भाइयों को सूचित किया है कि खरीफ 2026 से कृषि विभाग की समस्त योजनाओं के अंतर्गत सामान्य वितरण एवं मिनीकिट कार्यक्रम में वितरित किए जाने वाले बीजों के लिए लाभार्थियों का चयन अब “पहले आओ, पहले पाओ” के स्थान पर ई-लाटरी के माध्यम से किया जाएगा। रबी में समस्त फसलों के सामान्य वितरण एवं मिनीकिट बीजों जैसे तोरिया, सरसो, गेहूं, जौ तथा दलहन के निःशुल्क बीजों के लिए कृषकों के चयन हेतु आवेदन/बुकिंग का कार्य विभागीय पोर्टल http://agriculture.up.gov.in के माध्यम से किया जा रहा है।जनपद के कुल लक्ष्य के सापेक्ष कृषकों से आवेदन/बुकिंग आमंत्रित की जाएगी। लक्ष्य से अधिक बुकिंग होने की दशा में जनपद स्तर पर गठित समिति के माध्यम से ई-लाटरी सम्पन्न कर लाभार्थी कृषकों का चयन किया जाएगा। रबी सत्र की बुकिंग एवं ई-लाटरी की तिथियां- तोरिया – बुकिंग: 02 जुलाई 2026 से 16 अगस्त 2026 तक। ई-लाटरी: 17 अगस्त 2026।दलहनी एवं तिलहनी फसल – बुकिंग: 10 जुलाई 2026 से 10 सितम्बर 2026 तक | ई-लाटरी: 11 सितम्बर 2026।गेहूं एवं जौ – बुकिंग: 02 जुलाई 2026 से 30 सितम्बर 2026 तक | ई-लाटरी: 01 अक्टूबर 2026 ,द्वितीय एवं तृतीय चरण की प्रक्रिया,द्वितीय एवं तृतीय चरण हेतु बुकिंग 07 दिन के अंतराल पर खोली जाएगी। प्रत्येक चरण 03 दिन का होगा।सोमवार से बुधवार तक बुकिंग होगी, बृहस्पतिवार को ई-लाटरी होगी। इसके बाद शुक्रवार से रविवार बुकिंग और पुनः सोमवार को ई-लाटरी की प्रक्रिया होगी।किसान भाई अपने मोबाइल/लैपटॉप/कम्प्यूटर से बीज लेने हेतु स्वयं बुकिंग कर सकेंगे। अथवा न्याय पंचायत के प्राविधिक सहायक/नजदीकी राजकीय कृषि बीज भण्डार पर सम्पर्क कर निःशुल्क बुकिंग करा सकते हैं।