11 जुलाई तक राजनैतिक दल दे सकेंगे सुझाव व आपत्ति

गाजीपुर, 01 जुलाई 2026 – भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत जिले में मतदेय स्थलों के युक्तिकरण एवं सम्भाजन को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के साथ बैठक हुई।जिलाधिकारी ने सम्भाजन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटिहीन बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की गाइडलाइंस का शत-प्रतिशत पालन होगा। नए मतदेय स्थलों के निर्धारण में मतदाताओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि किसी भी मतदाता को बूथ तक पहुंचने में अनावश्यक दूरी तय न करनी पड़े। उन्होंने कहा, “मतदान प्रक्रिया की शुचिता और सुगमता ही लोकतंत्र की बुनियाद है।”4 जुलाई को ड्राफ्ट का प्रकाशन व 11 तक आपत्ति:बैठक में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को सत्यापन के बाद परिवर्तन से संबंधित मतदेय स्थलों की सूची उपलब्ध कराई गई। डीएम ने सभी से सूची का भली-भांति अवलोकन करने को कहा। यदि भवन जर्जर है या दूरी संबंधी कोई समस्या है तो तत्काल प्रशासन को अवगत कराने का आग्रह किया। बताया गया कि दिनांक 04-07-2026 को मतदेय स्थल सूची के आलेख का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 11-07-2026 तक पदाधिकारी अपने सुझाव एवं आपत्ति उप जिला निर्वाचन अधिकारी अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय में दे सकते हैं।सपा प्रतिनिधि ने दिया प्रस्ताव:बैठक में समाजवादी पार्टी के जिला सचिव राजेश यादव ने अनुरोध किया कि ऐसे विद्यालय जो छात्रों की कमी के कारण बंद हो गए हैं, लेकिन भवन सही अवस्था में है और वहां पूर्व से मतदेय स्थल स्थापित है, तो उसे परिवर्तित न किया जाए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को इस प्रस्ताव का संज्ञान लेने के निर्देश दिए।बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम वेद सिंह चौहान, समस्त उप जिलाधिकारी, भाजपा के कार्यालय मंत्री राजन प्रजापति, सपा के जिला सचिव राजेश यादव, बसपा के सुभाष राम सिपाही व जिला महासचिव आदित्य कुशवाहा, कांग्रेस के रविकांत राय, आम आदमी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष जावेद अहमद व नागेंद्र शर्मा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी देवी प्रसाद सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।








